06 मार्च 2026 : बाराकोट विकासखंड ग्राम छुलापे के दिनेश चंद्र पंत के 23 वर्षीय पुत्र अनुज पंत का यूपीएससी की परीक्षा में चयन हुआ है। अनुज ने गत वर्ष भी यूपीएससी की परीक्षा दी थी। जिसमें वह मामूली अंकों से रह गए थे, लेकिन उन्होंने अपनी लगन नहीं छोड़ी। इस दफा उन्होंने 69वीं रैंक हासिल की है।
उनके आईपीएस अधिकारी होने की व्यापक संभावना है। अनुज का लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनने का है। दिनेश चंद्र पंत के दो बेटों में छोटे अनुज शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ही पढ़ाई की है। इनका परिवार गाजियाबाद में रहता है।
दिनेश चंद्र पंत वहां प्राइवेट जॉब करते हैं। अनुज चम्पावत जिले के दूसरे व्यक्ति होंगे जो आईपीएस अधिकारी बनने जा रहे हैं। अनुज के परिवार का लगातार अपने पूर्वजों की माटी से बराबर संपर्क बना रहता है।
जैसे ही अनुज की सफलता की सूचना उनके गांव में पहुंची उनके दादा एलआईसी चेयरमैन क्लब के सदस्य खिलानंद पंत के यहां बधाई देने वालों का तांता लग गया।
