• Mon. Mar 23rd, 2026

SHO की बदसलूकी से परेशान युवक ने पी जहरीली स्प्रे, गरमाया मामला

बरनाला 23 मार्च 2026 अमृतसर में वेयरहाऊस के डी.एम. द्वारा सत्ताधारी पार्टी के मंत्री की कथित प्रताड़ना के कारण आत्महत्या करने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि ऐसी ही एक दुखद घटना बरनाला जिले के गांव राजगढ़ में घटी है। यहां के एक युवक मनजिंदर सिंह ने पुलिस की कथित बदसलूकी और पारिवारिक महिलाओं के अपमान से दुखी होकर जहरीली स्प्रे पीकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और वह बरनाला के अस्पताल में उपचाराधीन है। 

पीड़ित के भाई बेअंत सिंह ने पत्रकारों को बताया कि गांव में पंचायत द्वारा गली बनाई जा रही है। इस दौरान उठे ऐतराज के बाद पंचायत सदस्य सेवक सिंह ने मामले में पुलिस बुला ली। आरोप है कि मौके पर पहुंचे थाना धनौला के एस.एच.ओ. ने मामला सुलझाने की जगह पीड़ित परिवार की महिलाओं के लिए बेहद अश्लील शब्दावली का इस्तेमाल किया। बेअंत सिंह के मुताबिक, गांव के गण्यमान्य व्यक्तियों और अन्य लोगों के सामने एस.एच.ओ. ने परिवार की महिलाओं को गंदी गालियां दीं और सरेआम बेइज्जती की। अपनी माताओं-बहनों का यह अपमान मनजिंदर सिंह सहन नहीं कर सका और उसने स्प्रे पी ली। 

पीड़ित परिवार ने इस पूरे घटनाक्रम में सत्ताधारी दल के एक स्थानीय नेता पर भी दखलअंदाजी करने के आरोप लगाए हैं। बेअंत सिंह ने स्पष्ट कहा कि यदि उसके भाई को कुछ होता है, तो इसके लिए एस.एच.ओ. धनौला, पंचायत सदस्य सेवक सिंह और उक्त नेता सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। इस बात की तस्दीक गांव के सरपंच और अन्य उपस्थित लोगों ने भी की कि पुलिस का व्यवहार बेहद खराब था। 

इस संवेदनशील मामले के बारे में जब डी.एस.पी. बलजीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके ध्यान में है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद एस.एच.ओ. की भूमिका की गहराई से जांच की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिया कि यदि कोई भी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में भारी रोष पाया जा रहा है और लोगों ने उच्च अधिकारियों से तुरंत इंसाफ की मांग की है। दूसरी ओर, विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने इस संबंध में कार्रवाई को लेकर धरना भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *