पुणे 08 सितंबर 2025 : महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) की 2023 की पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) परीक्षा में पूरे राज्य में लड़कियों में प्रथम स्थान हासिल करने वाली अश्विनी केदारी का आकस्मिक निधन हो गया। उनके असमय निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
दरअसल, बाथरूम में पानी गर्म करने के लिए उन्होंने हीटर लगाया था। उसी दौरान अचानक उनकी आंख लग गई और पानी उबलने लगा। होश आने पर जब उन्होंने हीटर बंद कर बाल्टी उठाई तो उबलता पानी उनके ऊपर गिर गया। पांव फिसलने से वह गिर भी पड़ीं। इस हादसे में उनका करीब 80% शरीर झुलस गया। उन्हें तुरंत पिंपरी चिंचवड़ के डी. वाई. पाटिल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दस दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।
अश्विनी पुणे जिले के खेड तालुका के पाळू गांव के किसान परिवार से थीं। उनके इलाज के लिए भारी खर्च होने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और लोगों ने मदद भी की, लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई।
कौन थीं अश्विनी केदारी?
अश्विनी केदारी ने 2023 की MPSC PSI परीक्षा में लड़कियों में राज्यभर में पहला स्थान हासिल किया था। उनका सपना था कि वे आगे चलकर जिलाधिकारी बनें और समाज की सेवा करें। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। 28 अगस्त को गणेशोत्सव के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने उनकी जिंदगी और सपने दोनों छीन लिए।
उनकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मित्र, सहपाठी, सहकर्मी और पूरे खेड तालुके सहित प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं गहरे सदमे में हैं।
