नई दिल्ली 21 मार्च 2026 : राजधानी में ईद-उल-फितर के मौके पर इस बार हाईटेक व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज पढ़ी जाएगी। हालिया उत्तम नगर हत्याकांड और अन्य घटनाओं को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने करीब 15 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और एआई आधारित निगरानी सिस्टम के जरिए नजर रखी जाएगी।
वहीं, एआई तकनीक की मदद से भीड़भाड़ वाली जगहों का विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पहचान की जा सकेगी, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव होगी।
सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई
एडिशनल सीपी (पीआरओ) राजीव रंजन के मुताबिक, ईद को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों ने मस्जिद कमेटियों, इमामों और आरडब्ल्यूए के साथ बैठक कर विस्तृत रणनीति तैयार की है।
पुरानी दिल्ली के इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हाल ही में बीते वर्ष तुर्कमान गेट स्थित दरगाह फैज-ए-इलाही में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए उपद्रव को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। वहीं, जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नमाज के समय कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेंगे।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील है कि वे सोशल मीडिया पर अफवाहें, बिना वेरिफाई किया हुआ कंटेंट या गुमराह करने वाली जानकारी साझा न करें। दिल्ली पुलिस सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पॉलिसी लागू करेगी। जहां भी ऐसे मामले मिलेंगे, नियम तोड़ने वालों और गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीआइएसएफ और सीआरपीएफ के जवान भी रहेंगे तैनात
दिल्ली के सीमापुरी, नंद नगरी, जाफराबाद, सीलमपुर, मुस्तफाबाद, शाहीन बाग, जामिया नगर, ओखला और कश्मीरी गेट जैसे संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। सीआइएसएफ और सीआरपीएफ के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किए गए हैं। इन क्षेत्रों में अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, स्पेशल लॉ एंड ऑर्डर जोन-वन के रविंद्र यादव और जोन-टू के मधुप तिवारी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न इलाकों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि स्पेशल ब्रांच की टीमें खुफिया निगरानी में जुटी हैं।
