• Wed. Mar 25th, 2026

दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, 16 RDX IED लगाने और 1:40 बजे विस्फोट का दावा

नई दिल्ली 25 मार्च 2026 : एक बार फिर दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार सुबह विधानसभा के आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया।

इस ईमेल में दावा किया गया है कि परिसर के भीतर 16 RDX IED लगाए गए हैं। इसे भेजने वाले ने चेतावनी दी है कि बुधवार दोपहर 1:40 बजे धमाका हो जाएगा।

ईमेल में क्या लिखा है?

सौरव बिस्वास नाम की आईडी से भेजे गए ईमेल में कहा गया है कि बुधवार दोपहर 1:40 बजे धमाके किए जाएंगे। इसके साथ ही उसने अपनी मांगों और अन्य बातों का भी इसमें जिक्र किया है।

  • मांग की है कि पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी और जाफर सादिक के खिलाफ चल रहे सीबीआई (CBI) मामलों को वापस लिया जाए।
  • तमिलनाडु की राजनीति का जिक्र करते हुए उदयनिधि स्टालिन और डीएमके (DMK) पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया गया है। ईमेल में दावा किया गया है कि कोयंबटूर के कुछ लोगों को गलत तरीके से यूएपीए (UAPA) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
  • भेजने वाले ने यह भी दावा किया है कि उनके पास नक्सलियों और पाकिस्तान से जुड़ी इकाइयों की मदद से विस्फोटक संसाधन मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल अब दिल्ली विधानसभा पर किया गया है।
  • ईमेल के अंत में ‘नक्सली-ISI-DMK जिंदाबाद’ का नारा लिखा गया है।

अलर्ट पर प्रशासन और पुलिस

धमकी भरा ईमेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस में हड़कंप मच गया है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाॅड विधानसभा परिसर में पहुंच गए। सुरक्षाकर्मियों द्वारा चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। एहतियात के तौर पर परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है।

साइबर सेल की जांच शुरू

दिल्ली पुलिस की साइबर सेल इस ईमेल के सोर्स का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि वे हर संभावित खतरे की जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के स्कूलों, अस्पतालों और हवाई अड्डों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे, जो बाद में फर्जी निकले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *