• Mon. Mar 23rd, 2026

लुधियाना में चोरों के हौसले बुलंद, बंद घर को बनाया निशाना; CCTV खंगाल रही पुलिस

लुधियाना 23 मार्च 2026 : शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे बंद घरों को निशाना बनाने से भी गुरेज नहीं कर रहे। ताजा मामला सामने आया है जहाँ दुगरी में स्थित एक घर में दाखिल होकर अज्ञात चोरों ने नकदी, चांदी के सिक्के और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुँचा जा सके।

पुलिस को दिए बयान में अभिषेक भगत ने बताया कि घटना 19 मार्च, 2026 की रात करीब 1:20 बजे की है। दो अज्ञात व्यक्ति घर की बालकनी की ग्रिल तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोरों ने बड़े इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला और कीमती सामान बटोर लिया। वह मुंबई में नौकरी करता है। उसकी माता, सुरिंदर भगत, घर को ताला लगाकर उसे मिलने के लिए मुंबई गई हुई थी। घर बंद होने का फायदा उठाते हुए शातिर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से 03 गैस सिलेंडर और पीतल के बर्तन, चांदी के सिक्के, मूर्तियां और चांदी के गिलास, लेडीज कपड़े और महंगी घड़ियां, टी.वी. और बाथरूम की टोटियां, बैंक की चेक बुक्स, पास बुक्स और अन्य जरूरी कागजात चोरी कर ले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *