कुरुक्षेत्र, 7 दिसंबर 2024 : कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में स्थित एक कॉलोनी में बीती रात एक महिला के बंद पड़े मकान में रखे संदूक से एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक व्यक्ति रेलवे से सेवानिवृत्त था और काफी महीनों से लापता था। जब मकान से तेज बदबू आनी लगी, तो परिजनों को शक हुआ और उन्होंने घर की तलाशी ली, जहां शव मिला। मृतक का महिला के घर आना-जाना था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।
कई महीनों से था लापता
मृतक की पहचान गांव जुबली निवासी नराता राम (60) के रूप में हुई है। उसके बेटे राकेश ने बताया कि उसके पिता रेलवे से रिटायर होने के बाद घर पर थे, लेकिन कुछ महीनों से वह लापता थे। उन्होंने इस मामले में थाना शाहबाद में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। राकेश ने बताया कि उनके पिता उस महिला के घर आए जाते थे, जिसके घर से शव बरामद हुआ।
संदूक में शव पड़ा था, जो अब कंकाल में बदल चुका था
परिजनों को बदबू आने पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने घर का ताला तोड़कर तलाशी ली और संदूक में पड़ा शव कंकाल में बदल चुका था। शव की पहचान करना मुश्किल था, लेकिन राकेश ने दावा किया कि शव उनके पिता नराता राम का है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी हत्या महिला ने की है। राकेश के अनुसार, पंजाब पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि इसी महिला ने जालंधर जिले में एक फौजी की हत्या कर शव को संदूक में रखा था। पुलिस ने शव की पुख्ता पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराने का फैसला किया है और आरोपी महिला की गिरफ्तारी जल्द होने की उम्मीद है।
