• Sun. Feb 8th, 2026

“दिल दहला देगी UP की इस वारदात की कहानी, 10 साल के बच्चे के साथ अपराध”

08फ़रवरी2026 : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक सनसनीखेज और हृदयविदारक मामला सामने आया है। जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र में छह दिन पहले लापता हुए 10 वर्षीय बालक का शव शनिवार सुबह सरसों के खेत में बरामद हुआ। शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

2 फरवरी से था लापता, खेत में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, बबेरू कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी बालक 2 फरवरी की शाम घर से बिना बताए निकल गया था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को बालक की मां ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह गांव की महिलाएं जब खेतों की ओर गईं तो सरसों के खेत में बालक का शव पड़ा मिला। शव को छिपाने के उद्देश्य से मुंह में सरसों के पत्ते रखे गए थे।

परिजनों का आरोप, हत्या से पहले कुकर्म
मृतक की बड़ी बहन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बालक के साथ पहले कुकर्म किया गया, इसके बाद निर्ममता से उसकी हत्या कर दी गई। बहन ने यह भी आरोप लगाया कि बालक को जहरीला पदार्थ खिलाया गया था, जिससे उसका शरीर काला पड़ गया था। परिजनों के अनुसार, बालक नौटंकी देखने के लिए बिसंडा थाना क्षेत्र के बघंडा गांव जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक नमूने एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

तीन टीमें गठित, जांच तेज
सीओ बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि बालक 2 फरवरी से लापता था और 6 फरवरी को पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस ने तत्काल टीमें बनाकर तलाश शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में शव करीब 48 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। मामले के खुलासे के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

परिवार की स्थिति
मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी चार बहनें हैं। पिता हरियाणा में रहकर मजदूरी करते हैं। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *