जालंधर 20 मार्च 2026 : जालंधर-पठानकोट रोड पर पचरंगा पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक पीछे से टिप्पर ट्रक से टकरा गई, जिसमें बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय महौमद कसीम (निवासी उड़मुड़, जिला होशियारपुर) के रूप में हुई है। बाइक पर पीछे बैठा 18 वर्षीय शहीन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। टीम ने ट्रैफिक को नियंत्रित करते हुए पुलिस को सूचित किया।
पुलिस चौकी लादड़ा के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
