• Sun. Feb 1st, 2026

तहसीलदार गिरफ्तार, SDM अनुमति के बिना रजिस्ट्री हटाने का मामला

01फ़रवरी2026 : पंचकूला: पर्ल ग्रुप से जुड़ी 17 एकड़ जमीन पर लगे स्टे को अवैध रूप से हटाकर रजिस्ट्री कराने के मामले में स्टेट एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रायपुरानी के तहसीलदार विक्रम सिंगला को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात मामला दर्ज करने के बाद शनिवार सुबह चंडीगढ़ स्थित उनके आवास से गिरफ्तारी की गई। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।

तहसीलदार ने बिना एसडीएम की अनुमति के शाहपुर गांव स्थित 18 एकड़ जमीन से स्टे हटाकर 16 अक्तूबर 2025 को उसकी रजिस्ट्री करवा दी थी। यह जमीन सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत स्टे में थी और जब्तशुदा संपत्ति मानी जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने तहसीलदार के आवास पर करीब पांच घंटे तक कार्रवाई की।

इस दौरान प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज, चेक, नकदी और कई अहम रिकॉर्ड बरामद किए गए। रिमांड के दौरान यह जांच की जाएगी कि स्टे हटाने और रजिस्ट्री कराने में कौन-कौन से प्रशासनिक और निजी लोग शामिल थे और क्या किसी प्रकार का लाभ लिया गया। एसीबी यह भी पता लगाएगी कि जिन लोगों के नाम जमीन की रजिस्ट्री हुई उनका प्रशासनिक अधिकारियों से कोई संबंध है या नहीं। तहसील के कर्मचारियों से भी पूछताछ की संभावना है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *