पंजाब 03 मार्च 2026 : पठानकोट के बॉर्डर क्षेत्र बमियाल के पास जम्मू-कठुआ के गांव ऐरमां में 3 संदिग्ध व्यक्ति देखे जाने के बाद सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया। बताया जा रहा है कि बमियाल, नरोट जैमल सिंह एरिया में पुलिस की ओर से बॉर्डर पार से आने-जाने वाले लोगों की जांच शुरू कर दी है।
महिला की पहचान न बताते हुए पठानकोट पुलिस ने बताया कि गांव ऐरमां की महिला ने बताया कि जब वह रात को घर के आंगन में आई तो बाहर आहट सुनाई दी। उसने देखा कि सेना की यूनिफॉर्म पहने 3 लोग कुछ बातचीत कर रहे हैं, जिसके बाद पारिवारिक सदस्यों ने दरालां गांव में अपने रिश्तेदार को फोन पर जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया। जांच दौरान पुलिस ने बमियाल कस्बे की ओर पैदल आ रहे 35 वर्षीय दर्शन कुमार राणा (अहमदाबाद) को गिरफ्तार किया। उसके संदिग्ध व्यवहार के कारण ड्यूटी पर तैनात बीएसएफ जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में दर्शन ने दावा किया कि वह पर्यटक है और बॉर्डर के ग्रामीण इलाकों में घूम रहा था। वह पठानकोट से बस द्वारा यहां पहुंचा था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक मानसिक रूप से स्वस्थ है और सामान्य व्यवहार का है। उसके पास इंडियन पासपोर्ट, एजुकेशन सर्टिफिकेट और नौकरी से संबंधित दस्तावेज मिले। पुलिस ने उसे कस्टडी में लेकर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है। इसके बाद पंजाब के साथ जम्मू-कश्मीर के जिला कठुआ के गांव में पुलिस ने सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
