• Fri. Dec 5th, 2025

देखिए पंजाबी युवकों का कारनामा, पुलिस वर्दी में कर रहे हैं बड़े अपराध

तरनतारन 09 फरवरी 2025खालड़ा थाना पुलिस ने पुलिस की वर्दी पहनकर पिस्तौल की नोक पर निर्दोष लोगों से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस संबंध में पुलिस ने माननीय अदालत से दोनों आरोपियों का 7 दिन का रिमांड हासिल कर लिया है तथा आगे की पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।

फिरोजपुर रेंज के डी.आई.जी. (अतिरिक्त चार्ज) अश्वनी कपूर ने बताया कि एस.एस.पी. तरनतारन अभिमन्यु राणा के अधीन काम कर रहे खालड़ा थाने की पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर नाकाबंदी करते हुए एक स्विफ्ट कार को रोका और उसमें सवार 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक रिवाल्वर 32 बोर, 8 जिंदा कारतूस, 2 पंजाब पुलिस की वर्दियां, एक स्विफ्ट कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह फौजी पुत्र जगीर सिंह निवासी गांव नारली और हरविंदर सिंह पुत्र मनजीत सिंह निवासी धनौला जिला बरनाला के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी अलग-अलग इलाकों से वाहन चुराते थे, उनके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे, नंबरों से छेड़छाड़ करते थे और पंजाब पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को ठगते थे। इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ खालड़ा थाने में मामला दर्ज कर माननीय अदालत से सात दिन का रिमांड हासिल किया गया है। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *