• Sun. Feb 22nd, 2026

मुश्किल समय में सलमान बने सहारा, शाहरुख खान सलीम खान से मिलने अस्पताल पहुंचे

22 फरवरी 2026 : बॉलीवुड के मशहूर लेखक और सलमान खान के पिता सलीम खान की 17 फरवरी को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले चार दिनों से वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। शनिवार शाम शाहरुख खान अस्पताल पहुंचे और सलीम खान का हालचाल लिया। अस्पताल पहुंचने का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी कार सुरक्षा कर्मियों के साथ अस्पताल के अंदर जाती दिखाई दे रही है।

डॉक्टर ने क्या दी जानकारी?

मीडिया से बातचीत में डॉ. जलील पारकर ने बताया कि सलीम खान को मस्तिष्क में मामूली रक्तस्राव (ब्रेन ब्लीड) हुआ था। उम्र ज्यादा होने के कारण उन्हें ठीक होने में समय लग रहा है। डॉक्टर के मुताबिक, उन्हें दौरे पड़ रहे थे और ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ था। हालत बिगड़ने से बचाने के लिए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। हालांकि डॉक्टर ने साफ किया कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया था, उनकी स्थिति बेहद गंभीर नहीं थी। उन्होंने यह भी बताया कि जरूरी जांचें की गईं और एक छोटी सर्जरी भी की गई है, लेकिन फिलहाल उसके बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। सलीम खान आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

कब मिल सकती है छुट्टी?

डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन उम्र एक बड़ा कारण है, इसलिए पूरी तरह ठीक होने में समय लगेगा। फिलहाल उन्हें निगरानी में रखा गया है। अस्पताल से छुट्टी कब मिलेगी, इस पर अभी कोई निश्चित तारीख नहीं बताई गई है।

परिवार और फैंस कर रहे दुआ

सलीम खान की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद अस्पताल के बाहर परिवार के सदस्य नजर आए। फैंस भी उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

70 के दशक के मशहूर लेखक

सलीम खान अपने समय के बेहद सफल और चर्चित लेखक रहे हैं। 1970 के दशक में उन्होंने जावेद अख्तर के साथ मिलकर कई सुपरहिट फिल्मों की कहानियां लिखीं। उनकी जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं, जिनमें सबसे चर्चित फिल्म शोले भी शामिल है। आज भी उनकी फिल्मों को बॉलीवुड के स्वर्णिम दौर की पहचान माना जाता है। सलीम खान को हिंदी सिनेमा में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *