• Mon. Mar 16th, 2026

दिनदहाड़े लूट: सप्लायर को किर्च दिखाकर ₹54 हजार और मोबाइल छीना, साथी पर साजिश का आरोप

लुधियाना 16 मार्च 2026 : शहर में लुटेरों के हौसले बुलंद हैं। ताज़ा मामला लेस और चिप्स एजेंसी के साथ जुड़ा है, जहाँ दिन-दिहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस को दी शिकायत में एजेंसी मालिक विकास शर्मा ने बताया कि उसके करिंदों से दो अज्ञात युवकों ने हथियार के बल पर नगदी और मोबाइल छीन लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस वारदात में सप्लायर के ही एक साथी की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।

एजेंसी मालिक ने पुलिस को बयान में बताया है कि उसके दो कर्मचारी, सतीश कुमार और संदीप सिंह, छोटा हाथी पर सवार होकर लेस और चिप्स की सप्लाई देने निकले थे। शाम करीब 4:30 बजे सतीश कुमार का फोन आया और उसने बताया कि जब वे विभिन्न पार्टियों को माल सप्लाई कर और पेमेंट इकट्ठी कर एआईटी रोड स्थित वर्धमान करियाना स्टोर के पास पहुंचे, तो दो अज्ञात लड़कों ने जबरन उनका वाहन रुकवा लिया। सतीश का आरोप है कि दूसरे कर्मचारी संदीप कुमार ने उन लुटेरों के साथ मिलकर उसकी मारपीट की। इसके बाद हमलावरों ने तेजधार हथियार दिखाकर सतीश से वसूली गई करीब 54,000/- रुपये की नगदी और उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने संदीप सिंह और उसके दो साथियों पर मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी मिलीभगत का भी लग रहा है, क्योंकि शिकायतकर्ता ने अपने ही साथी संदीप पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि लुटेरों की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *