मुंबई/पुणे 25 मार्च 2026 : पुणे के नवले पुल क्षेत्र में बढ़ते हादसों और ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत देने के लिए करीब 6,000 करोड़ रुपये के एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार की मंजूरी के लिए भेजा गया है। यह जानकारी राज्य मंत्री योगेश कदम ने विधानसभा में दी। उन्होंने बताया कि सुतारवाड़ी से देहूरोड तक लगभग 16 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग प्रस्तावित है। साथ ही तलेगांव-चाकण-शिक्रापुर हाईवे को भी मंजूरी मिल गई है।
इस मुद्दे पर विधायक भीमराव तापकीर ने सवाल उठाया, जबकि विधायक शंकर जगताप और बापू पठारे ने भी चर्चा में हिस्सा लिया। तापकीर ने स्वामी नारायण मंदिर से सनसिटी वारजे तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की स्थिति और लागत की जानकारी मांगी, वहीं जगताप ने वाकड से देहूरोड तक एलिवेटेड मार्ग की संभावना पर सवाल किया।
मंत्री कदम ने बताया कि संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग का 5-6 किलोमीटर हिस्सा तकनीकी रूप से संवेदनशील है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहनों के कारण यहां अक्सर जाम लगता है और हादसे बढ़ते हैं, इसलिए यह एलिवेटेड रोड प्रस्तावित किया गया है। फिलहाल इस क्षेत्र को ब्लैक स्पॉट घोषित किया गया है। सेवा सड़क की चौड़ाई 7 मीटर से बढ़ाकर 10.5 मीटर की गई है और स्पीड लिमिट 60 किमी/घंटा से घटाकर 40 किमी/घंटा कर दी गई है।
वहीं, पुणे जिले में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए तलेगांव-चाकण-शिक्रापुर मार्ग के उन्नयन को भी हरी झंडी मिल गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई। बैठक में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले और मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस परियोजना के तहत तलेगांव से चाकण (0-26 किमी) तक चार लेन एलिवेटेड और समानांतर सड़क, जबकि चाकण से शिक्रापुर (26-43 किमी) तक चार लेन हाईवे बनाया जाएगा। 43 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट को ‘DFBOT’ (डिजाइन, फाइनेंस, बिल्ड, ऑपरेट एंड ट्रांसफर) मॉडल पर विकसित किया जाएगा।
