• Fri. Mar 6th, 2026

Rapper Badshah विवादों में, हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ पर महिला आयोग ने लिया ये एक्शन

पानीपत/फरीदाबाद 06 मार्च 2026 : बॉलीवुड रैपर-सिंगर बादशाह हरियाणवी फोक सॉन्ग ‘टटीरी’ को लेकर विवाद में फंस गए हैं। इस गाने पर पानीपत की समाजसेविका सविता आर्य ने आपत्ति जताई। सविता आर्य ने बाल संरक्षण और महिला आयोग में शिकायत दी। सविता ने कहा कि बादशाह ‘घोड़ी बनाऊंगा’ वाले शब्दों का मतलब स्पष्ट करें। समाजसेविका ने कहा कि इस बारे में शिक्षा मंत्री से भी बात करेंगी। वहीं हरियाणा की स्कूली छात्राओं को गाने में दर्शाया गया है। गाने में हरियाणा के स्कूल की ड्रेस में लड़कियां डांस करती दिखी।  

अब गाने के बोलों को लेकर आपत्ति जताते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने सिंगर बादशाह को समन जारी किया है। आयोग की अध्यक्ष रेनु भाटिया ने बताया कि गाने में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों को लेकर लोगों की शिकायतें मिली हैं, जिनकी सुनवाई के लिए बादशाह को आयोग के सामने बुलाया गया है। यह शिकायत पानीपत की नारी तू नारायण उत्थान समिति की अध्यक्ष सविता आर्य और शिव आरती इंडियन फाउंडेशन के निदेशक शिवकुमार द्वारा दी गई है। 

PunjabKesari

शिकायत में कहा गया है कि हरियाणवी संस्कृति पर आधारित इस गीत में कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है जो महिलाओं और हरियाणा की बेटियों के सम्मान के खिलाफ हैं। रेनू भाटिया ने कहा कि पिछले दो दिनों से इस गाने के बोल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और कई लोगों ने फोन कर आयोग से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद आयोग ने गाने के वीडियो को देखा और सुना, जिसमें कुछ शब्द आपत्तिजनक लगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के गाने हरियाणा की संस्कृति और बेटियों की छवि को खराब करते हैं। इसलिए बादशाह को आयोग में आकर यह बताना होगा कि गाने में इस्तेमाल किए गए शब्दों का क्या अर्थ है और उन्होंने ऐसे शब्दों का प्रयोग क्यों किया। आयोग ने उनसे हरियाणा की बेटियों और जनता से माफी मांगने के लिए भी कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *