• Fri. Dec 5th, 2025

मुंबई में एक बार फिर बारिश के आसार, IMD ने राज्य के कई जिलों में जारी किया अलर्ट

मुंबई 29 अक्टूबर 2025 : राज्य में दिवाली के बाद एक बार फिर बारिश सक्रिय हो गई है और कई जिलों में जोरदार बारिश हो रही है। राजधानी मुंबई में भी बारिश ने दस्तक दी, जहां दोपहर के बाद कई इलाकों में हल्की फुहारें पड़ीं। इसके चलते शाम को दफ्तरों से घर लौटने वाले लोगों को थोड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा। मंगलवार शाम हुई हल्की बारिश के बाद मुंबईकरों की बुधवार सुबह खुशनुमा रही। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज दोपहर बाद मुंबई और आसपास के जिलों में फिर से हल्की बारिश की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आसमान के बादलों से ढका रहने और कुछ क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

IMD के ताजा अनुमान के मुताबिक, मुंबई का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से गर्मी में राहत मिली है और प्रदूषण का स्तर भी घटा है। दिवाली के समय से हवा की गुणवत्ता खराब हो गई थी, लेकिन अब बारिश से उसमें सुधार देखा जा रहा है।

किस जिलों में कैसी रहेगी स्थिति?
मौसम विभाग ने सोलापुर, सांगली और कोल्हापुर को छोड़कर बाकी सभी जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। विदर्भ के चंद्रपुर, गढ़चिरोली, गोंदिया और यवतमाल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राज्य के बाकी जिलों में येलो अलर्ट है। इस बारिश से कुछ जगहों पर फसलों को नुकसान होने की आशंका भी जताई गई है, जिसके चलते प्रशासन ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के अधिकांश जिलों में अगले दो दिन तक बारिश का असर बना रहेगा, उसके बाद मौसम में सुधार होगा। इसलिए नागरिकों को फिलहाल सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *