मुंबई 04 नवंबर 2025 : मॉनसून के लौटने के बाद भी एक बार फिर बारिश ने दस्तक दे दी है। रविवार को मुंबई और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अब मुंबई, ठाणे और पालघर में गुरुवार तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मुंबई का मौसम कैसा रहेगा?
मंगलवार सुबह मुंबई में आसमान साफ नजर आया, लेकिन दोपहर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। तापमान 32°C अधिकतम और 24°C न्यूनतम रहने की उम्मीद है।
हल्की बारिश से शहर में ठंडक और राहत महसूस की जा रही है। दिवाली के दौरान बढ़े प्रदूषण और खराब हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अरब सागर में बने निम्न दबाव क्षेत्र और चक्रीय प्रणाली की वजह से यह बारिश हो रही है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार तक हल्की सरीं जारी रहेंगी, जिससे उमस और गर्मी से फिलहाल राहत मिलेगी। वहीं, नवंबर का महीना इस बार सामान्य से कुछ ठंडा रहने की संभावना है।
