• Sun. Apr 12th, 2026

पंजाब : शहर के रेलवे फाटकों पर जल्द बनेंगे अंडरपास, लोगों में खुशी का माहौल

अमृतसर 12 अप्रैल 2026 : अमृतसर शहर के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। कोट खालसा, इस्लामाबाद और छेहर्टा इलाकों में स्थित रेलवे फाटकों की जगह जल्द ही आधुनिक अंडरपास बनाए जाएंगे, जिससे ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।

भाजपा नेता हल्का पश्चिमी सुखविंदर सिंह सुखी ने बताया कि इस प्रोजैक्ट से लोगों को भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, जो अक्सर फाटक बंद रहने के कारण लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार रेलवे फाटक बंद होने के कारण एंबुलेंस भी लंबे समय तक फंसी रहती हैं, जिससे मरीजों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा स्कूल जाने वाले बच्चे और नौकरीपेशा लोग भी समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते और फाटकों पर लंबे समय तक परेशान रहते हैं।

उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह फैसला लोगों की दैनिक जिंदगी को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। केंद्र सरकार द्वारा बुनियादी ढांचे के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उम्मीद की जा रही है कि इन अंडरपासों का उद्घाटन जल्द ही केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा किया जाएगा। यह प्रोजैक्ट अमृतसर के लोगों के लिए समय की बचत, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

स्थानीय निवासियों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *