• Sun. Mar 29th, 2026

पंजाब में लॉकडाउन की अफवाह से हड़कंप, पेट्रोल पंपों पर कतारें, सिलेंडर 3800 रुपये पहुंचा

अमृतसर 27 मार्च 2026 एकतरफ जहां डिप्टी कमिश्नर दलविन्दरजीत सिंह ने समूह पैट्रोल पंप मालिकों व गैस एजैंसियों के प्रबंधकों व सेल्स मैनेजरों के साथ बैठक करने के बाद ऐलान किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों व पैट्रोल पंपों की सप्लाई में कोई रुकावट नहीं है और पर्याप्त भंडार हैं तो वहीं दूसरी तरफ जिले में लॉकडाऊन की अफवाहों का दौर शुरू हो गया है जिसके चलते पैनिक में लोग पैट्रोल पंपों पर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं और कुछ पैट्रोल पंप तो ऑऊट ऑफ स्टॉक नजर आ रहे हैं जो एक बड़ी साजिश की तरफ इशारा कर रहा है।

PunjabKesari

जानकारी के अनुसार वीरवार की सुबह से ही पैट्रोल पंपों पर लोगों की कतारें लगनी शुरू हो गईं और चारपहिया वाहनों से लेकर दोपहिया वाहनों तक में लोग टैंक फुल करवाते नजर आए। कुछ लोगों ने तो प्लास्टिक कैन्स लेकर भी पैट्रोल की जमाखोरी करने का प्रयास कर रहे हैं हालांकि ज्यादातर पैट्रोल पंप मालिकों की तरफ से कैन्स में या फिर किसी अन्य सामान में पैट्रोल नहीं भरा जा रहा है सिर्फ वाहनों में ही पैट्रोल डाला जा रहा है। दूसरी तरफ यह भी सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिरकार इस प्रकार की अफवाहें कौन फैला रहा है और अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

PunjabKesari

घरेलू गैस सिलैंडरों की कालाबाजारी चरम सीमा पर

पैट्रोल पंपों पर तो हालात बदतर नजर आ ही रहे हैं वहीं घरेलू गैस सिलैंडरों की कालाबाजारी भी चरम सीमा पर है। द होटल एंड रैस्टोरैंट एसोसिएशन सिविल लाइंस के अध्यक्ष ए.पी.एस. चट्ठा ने बताया कि घरेलू गैस सिलैंडर 3500 रुपए से लेकर 3800 रुपए में ब्लैक में मिल रहा है और कुछ गैस एजैंसियां वाले सरेआम ब्लैक कर रहे हैं लेकिन विभाग ऐसी एजैंसियों पर कार्रवाई करने के बजाय मौन धारण किए हुए है। होटलों में ब्लैक में सिलैंडर बेचे जा रहे हैं और होटल मालिक आर्थिक शोषण करवाने पर मजबूर हो रहे हैं। जिला प्रशासन को चाहिए कि फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस की ज्वाइंट टीमों के जरिए रेड करवाए और सभी गैस एजैंसियों की चैकिंग करवाई जाए ताकि आम जनता को तो कम-से-कम घरेलू सिलैंडर समय पर मिल जाए।

बुकिंग सॉफ्टवेयर बंद लोगों को मिल रहे डिलीवर्ड के मैसेज

सभी ऑयल कंपनियों के ऑनलाइन बुकिंग सॉफ्टवेयर इस समय बंद है और काम नहीं कर रहे हैं जो लोग गैस एजैंसियों पर जाकर बुकिंग करवा रहे हैं उनको फोन पर गैस डिलीवर्ड के मैसेज तक आ रहे हैं जबकि न तो कोई डिलीवरी मैन सिलैंडर देकर गया होता है और न ही कोई गाड़ी सिलैंडर डिलीवर करने के लिए आई होती है। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो कालाबाजारी करने वालों ने ऑनलाइन बुकिंग सॉफ्टवेयर को ही हैक कर लिया है। दूसरी तरफ इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के सेल्स मैनेजर यश पाठक मीडिया के भी फोन नहीं उठा रहे हैं, मानो कालाबाजारी करने वालों के साथ मिलीभगत करके बैठे हों, फिलहाल एक समाजसेवी संस्था की तरफ से ऐसे अधिकारियों की केन्द्र सरकार को शिकायत भी भेजी जा रही है।

करियाना दुकानों पर भी पैनिक खरीदारी शुरू

कुछ बड़ी करियाना दुकानों पर भी अफवाहों के बीच लोगों की तरफ से पैनिक खरीदारी की जाने की सूचनाएं मिल रही हैं जबकि दुकानदारों की तरफ से लोगों को समझाया जा रहा है कि ऐसा कुछ नहीं है और कोरोना जैसे हालात नहीं हैं। द अमृतसर रिटेल करियाना मर्चेन्ट एसोसिएशन के महासचिव नवल किशोर अग्रवाल ने कहा कि एसोसिएशन की तरफ से लोगों को समझाया जा रहा है कि पैनिक होने की जरूरत नहीं है हालात पूरी तरह से सामान्य हैं।

जिले में पैट्रोल डीजल की कोई कमी नहीं है : प्रधान जोगिन्द्रपाल ढींगरा

पैट्रोल पंप एसोसिएशन के जिला प्रधान जोगिन्द्रपाल ढींगरा ने कहा कि जिले में पैट्रोल व डीजल की कोई कमी नहीं है सामान्य दिनों की भांति ही ऑयल कम्पनियों की तरफ से तेल की आपूर्ति की जा रही है इसलिए लोगों को अफवाहों में आने की कोई जरूरत नहीं है।

जल्द की जाएगी सभी एजैंसियों से बैठक : डी.सी. दलविन्दरजीत सिंह

डी.सी. दलविन्दरजीत सिंह ने कहा कि प्रशासन की तरफ से सारे हालात पर पैनी नजर रखी जा रही है और जल्द ही सभी गैस एजैंसियों व पैट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक कर हालात पर चिंतन किया जाएगा। डी.सी. ने फिर से जिलावासियों से अपील की है कि पैट्रोल, डीजल व घरेलू गैस सिलैंडरों की कोई कमी नहीं है। लोगों को अफवाहों में नहीं आना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *