8 सितंबर 2024 : पंजाब के कांग्रेसी भी हरियाणा में हो रहे विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठजोड़ करने के पक्ष में नहीं हैं। हालांकि दोनों पार्टियों की हाई कमान यह गठजोड़ करना चाहती हैं।
विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी अनौपचारिक बातचीत में कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला हाईकमान को लेना है, लेकिन वह निजी तौर पर आप के साथ गठबंधन के खिलाफ हैं। बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी का गुब्बारा फूट चुका है। उनके पल्ले कहीं कुछ नहीं है।
‘हरियाणा में भी कांग्रेस मजबूत’
उन्होंने हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव की उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी हाई कमान के दबाव के बावजूद प्रदेश इकाई ने आप के साथ समझौता नहीं किया। परिणाम आपके सामने है। लोगों ने भी आप का प्रदर्शन देखा है। हरियाणा में भी कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। अगर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ती तो बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी, पंजाब का नतीजा सबके सामने है।
आप 10 से 15 सीटें मांग रही है
काबिले गौर है कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर हुड्डा और अन्य वरिष्ठ नेता भी आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन का विरोध कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक आप 10 से 15 सीटों की मांग कर रही है। जबकि कांग्रेस तीन से पांच सीटें देने पर राजी है।
