• Fri. Dec 5th, 2025

प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा दोबारा स्थगित, हजारों भक्त लौटे निराश — मथुरा में हाई अलर्ट

मथुरा 11 नवंबर 2025 दिल्ली में बीती रात अचानक लाल किला के पास ब्लास्ट हुआ। जिसमें पूरा देश दहल गया। इस धमाके में 9 लोगों की मौत तो 20 लोगों के घायल होने की खबर आई है। ब्लास्ट के बाद दिल्ली से सटे तमाम बॉर्डर्स पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा देश भर के धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। इसी क्रम में, वृंदावन में भी हाई अलर्ट कर दिया गया है। जिसके चलते संत प्रेमानंद महाराज की हर दिन निकलने वाली रात्रि पदयात्रा आज (मंगलवार, 11 नवंबर) को अचानक स्थगित कर दी गई। इस फैसले के चलते दूर-दराज से पहुंचे संत के हजारों श्रद्धालुओं को बिना दर्शन के ही लौटना पड़ा। जिससे भक्तों में गहरी निराशा छा गई।

प्रेमानंद महाराज के दर्शन की आस लेकर और उनकी अमृतवाणी सुनने के लिए देश के विभिन्न कोनों से हजारों भक्त हर रोज़ वृंदावन पहुंचते हैं। उनकी एक झलक पाने के लिए भक्त आतुर रहते हैं। सुबह 4 बजे महाराज जी के दर्शन के लिए ये श्रद्धालु रात भर वृंदावन की सड़कों पर इंतजार करते हैं। 

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में हुई घटना के बाद मथुरा और वृंदावन के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा कारणों के चलते महाराज जी आज अपने श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम से बाहर नहीं निकले। दरअसल, प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा में प्रतिदिन हजारों की भीड़ जुटती है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए एहतियात के तौर पर यह कड़ा कदम उठाने का निर्देश दिया। इस खबर से पदयात्रा के मार्ग पर खड़े भक्तों को गहरा आघात लगा। हालांकि, पदयात्रा स्थगित किए जाने के संबंध में श्रीहित राधा केली कुंज वृंदावन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *