• Fri. Dec 5th, 2025

यूक्रेन शांति पर पीएम मोदी का स्पष्ट बयान: भारत तटस्थ नहीं, हमारा पक्ष शांति का है

05 दिसंबर 2025 : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जो कि 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा है। आज पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में पुतिन का भव्य स्वागत किया। इसके बाद पुतिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने गए। इस समय नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन के तहत द्विपक्षीय वार्ता जारी है।

पीएम मोदी ने स्पष्ट किया भारत का रुख

बातचीत की शुरुआत में ही प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन संकट पर भारत का रुख स्पष्ट कर दिया। पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से कहा कि भारत तटस्थ नहीं है, बल्कि मजबूती से शांति के पक्ष में खड़ा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रूस और यूक्रेन जल्द ही शांति के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे। यह बयान विश्व मंच पर भारत की स्थिति को स्पष्ट करता है, जो सभी तरह के संघर्षों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का पक्षधर रहा है।

शिखर सम्मेलन का एजेंडा

आज की इस हाई-लेवल मीटिंग का मुख्य फोकस व्यापार (Trade), रक्षा (Defence) और ऊर्जा (Energy) से जुड़े कई समझौतों पर है। इन महत्वपूर्ण समझौतों का ऐलान दोनों नेता बातचीत खत्म होने के बाद एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेंगे। शाम को 7 बजे रूसी राष्ट्रपति पुतिन, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के लिए राष्ट्रपति भवन जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *