14 अप्रैल 2025: हिसार में एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी यमुनानगर पहुंच गए हैं। यहां वह 800 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट और कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का शिलान्यास किया। यहां भी वह जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और अनिल विज भी मौजूद हैं।
स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदीः खट्टर
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज सबसे पहले संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर को नमन करता हूं। आज प्रधानमंत्री हमारे बीच में हरियाणा पधारे हैं। इस कार्यक्रम से पहले हिसार में हिसार एयरपोर्ट भवन का उद्घाटन किया। इसके लिए आपका आभार प्रकट करता हूं। आज यमुनानगर में ऊर्जा विभाग के 800 मेगावाट थर्मल प्लांट का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा एक स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्ट का भी उद्घाटन करेंगे।
मैं आपका स्वागत करना चाहता हूं। आपकी सरकार में मुझे केंद्रीय कैबिनेट में स्थान दिया। इसके साथ ही हरियाणा की धरती को मैं नमन करता हूं, जहां मैंने 10 साल इस धरती की सेवा की है। इस नाते से मैं आपका स्वागत करता हूं।
यमुनानगर बहुत महत्वपूर्ण है। यह यमुना नदी की गोद में बसा हुआ है। मेरे जीवन के छह साल यहां बीते हैं। इस कारण से भी मुझे यहां से बहुत लगाव है। आपने भी यहां की सेवा की है। हरियाणा आपकी भी कर्मभूमि रही है। हरियाणा में आपके 13 सरकारी और 11 चुनावी दौरे हुए हैं। यह दर्शाता है कि आप हरियाणा से कितना प्यार करते हैं।
ऊर्जा की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए यहां यमुनानगर में थर्मल प्लांट लगाया जा रहा है। हमारी सरकार का 2047 का लक्ष्य है, इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए आप लगातार प्रयास कर रहे हैं। दुनियाभर के देशों को अगर देखें तो हमारे देश में तीसरे पर सबसे ज्यादा ऊर्जा का उत्पादन होता है।
हरियाणा की सरकार भी लगातार ऊर्जा के क्षेत्र में काम कर रही है। यहां की सरकार ने तीन और बड़े प्लांट लगाने की मांग रखी है। 2023-24 के केंद्रीय बजट में छछरौली में एक और प्लांट लगाने का प्रावधान किया है। इस प्लांट के जरिए कूड़े का उपयोग होगा। इसमें गाय के गोबर का भी उपयोग किया जाएगा, इससे स्वच्छ ऊर्जा के रूप में काम किया जाएगा।
हरियाणा में अब तीन गुनी गति से विकास हो रहाः नायब सैनी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज मुझे गर्व है कि मां सरस्वती की गोद यमुनानगर में प्रधानमंत्री जी आए हैं। इसके लिए मैं पूरे हरियाणा की तरफ से राम-राम भी कहता हूं। मैं आप सबका भी हार्दिक स्वागत करता हूं। आप सब इतनी संख्या में आए हैं, इसके लिए आपका धन्यवाद करता हूं।
आज हम सब हरियाणा के लोगों के लिए बहुत शुभ दिन है। आज बाबा साहेब की 135वीं जयंती है। आपके हाथों से यहां 800 मेगावाट यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी। मैं हरियाणा सरकार की तरफ से आपका धन्यवाद करता हूं। आपने कुछ घंटे पहले ही हिसार में हरियाणा के पहले एयरपोर्ट के दूसरे टर्मिनल का शुभारंभ किया। यहां से श्रीराम के दरबार के लिए पहली उड़ान का शुभारंभ किया। आपके आगमन से आज यहां के युवाओं में नया उत्साह आया है। हरियाणा ने पिछले दस सालों में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। हम इस आधुनिक युग में भी अपनी परंपरा के दायरे में रहकर हरियाणा का विकास कर रहे हैं।
सैनी ने कहा कि हरियाणा आपके नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार में चल रहा था, लेकिन अब हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बन चुकी है। हरियाणा में अब तीन गुनी गति से विकास हो रहा है। आज हरियाणा का ऐसा कोई जिला नहीं है, जहां से कोई नेशनल हाईवे न गुजरता हो। हर गांव जिला मुख्यालय से जुड़ चुका है। इसके लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं।
