• Wed. Mar 25th, 2026

गर्मी में बढ़ी यात्रियों की संख्या, मुंबई से कोंकण के लिए स्पेशल ट्रेन; CSMT-मडगांव के बीच अतिरिक्त फेरे

मुंबई 25 मार्च 2026 : गर्मियों में बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए मध्य रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से मडगांव के बीच 3 और 5 अप्रैल को चार स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस-नागपुर और पुणे-नागपुर रूट पर भी दो-दो विशेष फेरे चलाए जाएंगे। इन ट्रेनों की बुकिंग मंगलवार से शुरू हो गई है।

टाइम टेबल:
ट्रेन नंबर 01129 CSMT से रात 12:20 बजे रवाना होकर मडगांव दोपहर 3:15 बजे पहुंचेगी। वापसी में (01130) मडगांव से शाम 4 बजे चलकर अगली सुबह 3:45 बजे CSMT पहुंचेगी। यह ट्रेन दादर, पनवेल, रोहा, चिपलून, रत्नागिरी, कणकवली, कुडाल, सावंतवाड़ी रोड, थिविम और करमाली स्टेशनों पर रुकेगी।

वहीं, ट्रेन नंबर 01021 LTT-नागपुर 3 अप्रैल को रात 12:55 बजे रवाना होकर दोपहर 3:45 बजे नागपुर पहुंचेगी। वापसी (01022) नागपुर से रात 8 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11:45 बजे LTT पहुंचेगी। इन ट्रेनों में एसी, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे।

मध्य रेलवे ने अप्रैल-मई में करीब 1500 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। हालांकि, इनमें से अधिकतर ट्रेनें उत्तर भारत के लिए होने के कारण कोकण क्षेत्र के यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है।

मेट्रो प्रोजेक्ट को भी मिली रफ्तार:
वडाला से गेटवे ऑफ इंडिया तक बनने वाली मेट्रो लाइन-11 के लिए जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) ने 5,500 करोड़ रुपये का कर्ज मंजूर किया है। इस प्रोजेक्ट की कुल लागत करीब 23,487 करोड़ रुपये है। यह मेट्रो दक्षिण मुंबई, फोर्ट क्षेत्र और मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक को जोड़ेगी, जिससे ट्रैफिक जाम कम होगा और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *