नई दिल्ली 21 मार्च 2026 : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में आयोजित ‘अवसर 2026’ ने इस बार केवल एक प्लेसमेंट ड्राइव नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का मंच बनकर अपनी अलग पहचान बनाई।
इस ड्राइव में 93 कंपनियों और संगठनों ने भाग लिया, जिन्होंने 2500 से ज्यादा रोजगार और इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराए। खास बात यह रही कि कई विद्यार्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्राप्त हुए, जिससे कार्यक्रम की प्रभावशीलता और भी स्पष्ट हो गई।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के मल्टीपर्पज हाल में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों की ऊर्जा और उम्मीदें साफ दिखाई दी। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु प्रो. योगेश सिंह ने किया।
उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में ऐसे आयोजन छात्रों को न केवल नौकरी दिलाते हैं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास और सही दिशा भी देते हैं। उनके अनुसार ‘अवसर 2026’ छात्रों और उद्योग जगत के बीच एक सशक्त पुल के रूप में उभरा है।
डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ‘अवसर’ का उद्देश्य केवल नौकरी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि छात्रों को उद्योग की वास्तविक जरूरतों से परिचित कराना भी है। उन्होंने कहा कि यह पहल छात्रों को व्यावसायिक दुनिया के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस कार्यक्रम में शामिल छात्रों ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर अपने कौशल को परखा और करियर के नए विकल्पों को समझा। इससे न केवल उन्हें व्यावहारिक अनुभव मिला, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
‘अवसर 2026’ ने साबित कर दिया कि विश्वविद्यालय स्तर पर इस तरह की पहल युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
