• Sat. Feb 14th, 2026

लुधियाना में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की धाक की हवा उड़ी, शहर के मुख्य मार्ग पर हुई वारदात ने सच उजागर कर दिया

लुधियाना 13 फरवरी 2026 : महानगर में अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस कमिश्नर की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के दावों पर लुटेरों ने एक बार फिर करारा ‘प्रहार’ किया है। पुलिस की नाकेबंदी और गश्त के बड़े-बड़े दावों के बीच बेखौफ बदमाशों ने साहनेवाल इलाके में एक ट्रक ड्राइवर को अगवा कर उससे मारपीट की और स्क्रैप से लदी गाड़ी लूटकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस अब लकीर पीट रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कह रही है, लेकिन शहर के मुख्य मार्ग पर हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित ड्राइवर जसवंत सिंह बीती रात करीब 12 फरवरी को अमलोह रोड मंडी गोबिंदगढ़ स्थित जे.पी.जे. स्टील एल.एल.पी. से अपनी गाड़ी में स्क्रैप लोड कर लुधियाना के कंगनवाल रोड स्थित वरियाम स्टील कास्टिंग जा रहा था। जब वह साहनेवाल के पास वाहेगुरु ढाबा की सर्विस लेन पर पहुंचा, तो खाना खाने के बाद जैसे ही उसने अपनी गाड़ी आगे बढ़ाई, तभी घात लगाए बैठे चार अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने पहले तो ड्राइवर के साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर उसे जबरन गाड़ी के भीतर ही फेंक दिया।

बदमाश ड्राइवर को अगवा कर बंधक बनाकर अपने साथ ले गए और कुछ दूर जाने के बाद उसे एक सुनसान जगह पर फेंक दिया। इसके बाद चारों आरोपी स्क्रैप से लदी गाड़ी और माल लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने किसी तरह अपने मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है। फिलहाल थाना सहनेवाल की पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और ड्राइवर की निशानदेही पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। लेकिन जिस तरह से अपराधी सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, उससे तो यही लगता है कि लुधियाना पुलिस के ऑपरेशन सिर्फ नाम का ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *