• Fri. Mar 6th, 2026

नेहरू प्लेस: मल्टीलेवल पार्किंग होने के बावजूद बाहर खड़ी गाड़ियों पर MCD करेगी चालान कटिंग

06 मार्च 2026 : मल्टीलेवल पार्किंग शुरू होने के बाद भी एशिया के सबसे बड़ी कंप्यूटर हार्डवेयर मार्केट नेहरू प्लेस की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही। मार्केट के प्रवेश मार्गों पर अब भी बाइक से लेकर कार का जमावड़ा लगा रहता है।

इधर, लगभग 1000 वाहन की क्षमता वाले मल्टीलेवल पार्किंग का 90 फीसदी हिस्सा खाली पड़ा है। नियमानुसार पार्किंग के आस-पास आधा किलोमीटर परिधि में सरफेस पार्किंग नहीं होनी चाहिए, पर यहां चार सरफेस पार्किंग धड़ल्ले से चल रही हैं।

पार्किंग संचालकों के मुताबिक मार्च में ही सरफेस पार्किंग के ठेके समाप्त हो जाएंगे। इसके बाद लोगों के पास यही विकल्प रहेगा। वहीं एमसीडी के एक अधिकारी के मुताबिक इसके बाद बाहर बाइक या कार खड़ी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए चालान काटे जाएंगे।

एशिया की सबसे बड़ी कंप्यूटर हार्डवेयर मार्केट

नेहरू प्लेस मार्केट में कुल 110 टावर है। इनमें 16,000 से भी अधिक कार्यालय और दुकानें हैं, जिनमें करीब डेढ़ लाख लोग काम भी करते हैं। मार्केट में कंप्यूटर, मोबाइल, लैपटाप समेत अन्य इलेक्ट्रानिक गैजेट्स रिपेयर किए जाते हैं। लोग अपने हिसाब से कस्टमाइज्ड पीसी भी तैयार कराते हैं।

पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए बनाया गया मल्टीलेवल पार्किंग

यहां पहले से एमसीडी की 15 सरफेस पार्किंग हैं, जिनकी क्षमता 1300 वाहनों की है। पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए डीडीए ने वर्ष 2019 में शहरी विकास निधि से 62 करोड़ रुपये का बजट पास करते हुए मल्टी लेवल पार्किंग का काम शुरू कराया। हालांकि तब से तब से कई बार काम पूरा करने की मियाद बढ़ती रही। हाल ही में 16 फरवरी को इसका लोकार्पण किया गया।

उद्घाटन के बाद भी पार्किंग में नहीं आ रहे वाहन

एक पखवाड़ा बीतने के बाद भी पार्किंग में लोग इसमें वाहन पार्क करने को लेकर उत्साहित नहीं है। कर्मचारियों की ओर से लगातार वाहन अंदर पार्क करने का अनुरोध लोगों से किया जा रहा है, साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्र का भी सहारा लिया जा रहा है। बावजूद इसके लगभग 90 प्रतिशत पार्किंग का उपयोग नहीं हो पा रहा है।

सरफेस पार्किंग खत्म होने के बाद चलेगा चालान अभियान

एमसीडी के एक अधिकारी के मुताबिक आसपास के सरफेस पार्किंग की मियाद खत्म होने वाली है। इसके बाद इन स्थानों का ठेका नहीं होगा। इसके बाद भी यहां वाहन खड़ा पाया गया तो चालान काटा जाएगा।

नेहरू प्लेस मल्टी लेवल पार्किंग एक नजर में

विवरणआंकड़े
क्षेत्रफल29,624 वर्ग मीटर
लागत62 करोड़ रुपए
मंजिलें05 (बेसमेंट, भू-तल व ऊपरी तीन मंजिल)
कार पार्किंग क्षमता352
बाइक पार्किंग क्षमता660
ईवी चार्जिंग सुविधा36 इलेक्ट्रिक वाहनों को एक साथ चार्ज करने की सुविधा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *