मुंबई, 12 नवंबर 2025 : मुंबईवासियों के लिए अहम खबर! 14 और 15 नवंबर को शहर में जलापूर्ति बाधित रहेगी। मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बताया कि मुख्य जलवाहिनियों पर वाल्व बदलने का कार्य किया जाएगा, जिसके चलते शहर के कई इलाकों में दो दिनों तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
यह जलापूर्ति शुक्रवार, 14 नवंबर की सुबह 10 बजे से लेकर शनिवार, 15 नवंबर की सुबह 8 बजे तक यानी लगभग 22 घंटे तक बंद रहेगी। इस दौरान तानसा (1200 मिमी) और विहार (800 मिमी) ट्रंक मेन पाइपलाइनों पर पाँच वाल्व बदले जाएंगे।
प्रभावित क्षेत्र
BMC के अनुसार—
एन वार्ड:
15 नवंबर को सुबह 3:45 से 8:00 बजे तक — राजावाड़ी पूर्व, चित्तरंजन नगर, विद्याविहार, राजावाड़ी अस्पताल, ओएनजीसी कॉलोनी, रेलवे स्टाफ क्वार्टर्स और आर.एन. गांधी रोड में जलापूर्ति बाधित रहेगी।
एल वार्ड:
14 नवंबर सुबह 10 बजे से 15 नवंबर सुबह 8 बजे तक — नया टिळक नगर, लोकमान्य टिळक टर्मिनस, साबळे नगर, नेहरू नगर, मदर डेयरी रोड, शिवश्रुष्टी रोड, चुनाभट्टी, कामगार नगर, पोलीस क्वार्टर्स, एवरार्ड नगर, कुरैशी नगर, तक्षशिला नगर, राजीव गांधी नगर, म्हाडा कॉलोनी और ताडवाडी समेत कई इलाकों में पानी बंद रहेगा।
एम पश्चिम वार्ड:
14 नवंबर सुबह 10 बजे से 15 नवंबर सुबह 8 बजे तक — टिळक नगर, पेस्टम सागर रोड, ठाकरे बप्पा वसाहत, शास्त्री नगर, सहकार नगर, शेल कॉलोनी, गोदरेज कॉलोनी, यशवंत नगर, भक्ती पार्क, अजिमेरा वसाहत और आदर्श नगर में आपूर्ति बाधित रहेगी।
एफ उत्तर वार्ड:
15 नवंबर को सुबह 3:45 से 8:00 बजे तक — शिव (सायन) पूर्व-पश्चिम, दादर पूर्व, माटुंगा, वडाला, चुनाभट्टी, प्रतीक्षा नगर, शास्त्री नगर, गांधी नगर, कोरबा मिठागर, शिव कोळीवाडा, सरदार नगर और भीमवाड़ी के कुछ हिस्सों में जलापूर्ति बंद रहेगी।
BMC ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन दो दिनों के लिए पर्याप्त पानी का भंडारण कर लें और जल का उपयोग सोच-समझकर करें।
