22 मार्च 2026 : मुंबई में मेट्रो लाइन-3 से सफर करने वाले यात्रियों को अब मोबाइल नेटवर्क की बड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है। भुयारी (अंडरग्राउंड) मेट्रो में पहले से ही नेटवर्क की समस्या बनी हुई थी, लेकिन अब यह पूरी तरह खत्म होने की कगार पर है। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMRCL) ने दूरसंचार इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े ठेकेदार का करार रद्द करने का फैसला लिया है, क्योंकि कंपनी अनुबंध की शर्तों को पूरा करने में असफल रही।
कफ परेड से आरे तक 33 किलोमीटर लंबे इस रूट पर जियो और एयरटेल का सीमित नेटवर्क कुछ जगहों पर मिल जाता था, जबकि जेवीएलआर से वरली के बीच वोडाफोन-आइडिया और बीएसएनएल की आंशिक सेवाएं उपलब्ध थीं। अब यह सीमित नेटवर्क भी बंद होने की संभावना है, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है।
दरअसल, सऊदी अरब की एसीईएस इंडिया कंपनी ने सभी भूमिगत स्टेशनों और टनलों में कॉमन टेलीकॉम सिस्टम लगाया था, लेकिन अब इस थर्ड-पार्टी कॉन्ट्रैक्टर का करार समाप्त कर दिया गया है। MMRCL का कहना है कि पूरे रूट पर निर्बाध नेटवर्क सेवा बहाल करने के लिए नए सेवा प्रदाता की नियुक्ति हेतु जल्द ही नई टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, हालांकि इसके लिए कोई समयसीमा तय नहीं की गई है।
यात्रियों का कहना है कि अभी तक वे सफर के दौरान ईमेल, चैट और अन्य ऑनलाइन काम कुछ हद तक कर पा रहे थे, लेकिन अगर नेटवर्क पूरी तरह बंद हो गया तो यात्रा के दौरान काम करना मुश्किल हो जाएगा।
इसी बीच, मुंबई के मालाड इलाके में हुई एक दर्दनाक घटना ने लोगों में गुस्सा बढ़ा दिया है। एक अधूरे निर्माण स्थल पर पानी से भरे गड्ढे में गिरने से 8 वर्षीय दिव्यांश मौर्य की मौत हो गई। गुरुवार रात करीब 8 बजे घर से खेलने निकले दिव्यांश का देर रात तक कोई पता नहीं चला। सुबह परिजनों ने पास के निर्माण स्थल पर खोजबीन की, जहां वह पानी भरे गड्ढे में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद निर्माण स्थलों पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
