मुंबई 06 मार्च 2026 : महाराष्ट्र के हवाई परिवहन क्षेत्र में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2024–25 में राज्य में कुल 3 लाख 82 हजार घरेलू उड़ानें संचालित हुईं, जो पिछले वर्ष की 3 लाख 68 हजार उड़ानों से अधिक हैं। इस बढ़ोतरी में मुंबई एयरपोर्ट का सबसे बड़ा योगदान रहा है। राज्य की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, यात्रियों की संख्या के साथ-साथ कार्गो (मालवाहतूक) में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
घरेलू उड़ानों में बढ़ोतरी
महाराष्ट्र में कुल 13 हवाई अड्डे हैं, जिनमें से 6 अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं। इन एयरपोर्ट्स से हवाई यातायात लगातार बढ़ रहा है। 2024–25 में घरेलू उड़ानों की संख्या में इजाफा हुआ है और यात्रियों व माल ढुलाई दोनों में वृद्धि दर्ज की गई है।
मुंबई एयरपोर्ट से 2024–25 में लगभग 2 लाख 40 हजार घरेलू उड़ानें संचालित हुईं, जो राज्य की कुल घरेलू उड़ानों का करीब 62 प्रतिशत है। इससे पहले 2023–24 में मुंबई से 2 लाख 41 हजार 813 उड़ानें हुई थीं, जो उस समय कुल हवाई यातायात का 65.56 प्रतिशत थीं। उड़ानों की संख्या में हल्की कमी के बावजूद यात्रियों की संख्या बढ़ी है।
2024–25 में 5 करोड़ 48 लाख यात्रियों ने मुंबई से घरेलू यात्रा की, जबकि 2023–24 में यह संख्या 5 करोड़ 24 लाख थी।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भी इजाफा
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मामले में भी मुंबई एयरपोर्ट ने प्रगति की है। 2023–24 में 83 हजार 173 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हुई थीं, जबकि 2024–25 में यह संख्या बढ़कर 89 हजार 712 हो गई।
इन उड़ानों से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है। 2023–24 में 1 करोड़ 43 लाख यात्रियों ने मुंबई से अंतरराष्ट्रीय यात्रा की थी, जबकि 2024–25 में यह आंकड़ा 1 करोड़ 55 लाख तक पहुंच गया।
मालवाहतुकी में भी मुंबई का दबदबा
कार्गो ट्रैफिक में भी मुंबई एयरपोर्ट की बड़ी हिस्सेदारी है। 2024–25 में राज्य में कुल 2 लाख 87 हजार मीट्रिक टन घरेलू मालवाहतूक हुई, जिसमें से 2 लाख 35 हजार 144 मीट्रिक टन माल मुंबई से भेजा गया।
अंतरराष्ट्रीय कार्गो में भी मुंबई का दबदबा कायम रहा। 2024–25 में राज्य से कुल 6 करोड़ 59 लाख मीट्रिक टन अंतरराष्ट्रीय मालवाहतूक हुई, जिसमें से 6 करोड़ 54 लाख मीट्रिक टन माल मुंबई एयरपोर्ट से ही भेजा गया।
अन्य एयरपोर्ट्स से भी उड़ानें
राज्य के पुणे, जुहू, नागपुर, शिर्डी और छत्रपति संभाजीनगर एयरपोर्ट से भी घरेलू उड़ानें संचालित हो रही हैं। 2024–25 में पुणे से 67 हजार घरेलू उड़ानें हुईं, जबकि सोलापुर से इस साल एक भी घरेलू उड़ान नहीं हुई।
इन आंकड़ों से साफ है कि महाराष्ट्र में हवाई परिवहन क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है और इसमें मुंबई एयरपोर्ट की भूमिका सबसे अहम बनी हुई है।
