• Tue. Mar 31st, 2026

CM Yogi की मां और गौ माता पर अभद्र टिप्पणी करने वाला मौलाना गिरफ्तार, UP STF ने बिहार से पकड़ा

लखनऊ 31 मार्च 2026 : उत्तर प्रदेश में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में दर्ज मामलों के बीच स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मौलाना अब्दुल्ला सलीम को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी उस वायरल वीडियो के बाद हुई, जिसने कई जिलों में तनाव और विरोध को जन्म दिया था।

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर शाम STF की टीम ने बिहार के पूर्णिया जिले में स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की। सादी वर्दी में पहुंची टीम ने अररिया निवासी मौलाना सलीम को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के दौरान मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, क्योंकि स्थानीय लोगों को यह कार्रवाई अपहरण जैसी लगी। बाद में स्थानीय विधायक द्वारा थाने से पुष्टि किए जाने के बाद स्थिति स्पष्ट हुई और लोगों को बताया गया कि यह विधिक कार्रवाई है। 

यूपी के कई जिलों में मौलाना के खलाफ दर्ज थी FIR 
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले की शुरुआत मार्च की शुरुआत में वायरल हुए एक वीडियो से हुई, जिसमें एक धार्मिक सभा के दौरान मौलाना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां और गौमाता के संदर्भ में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों-जैसे बलरामपुर, बहराइच, बस्ती, सीतापुर और कानपुर में मामले दर्ज किए गए और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच तेज की थी। अधिकारियों का कहना है कि भाषण में इस्तेमाल की गई भाषा से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है।

अभिनेता और सांसद रवि किशन ने भी की थी बयान की निंदा
इस बीच, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। भाजपा नेताओं ने कड़ी कार्रवाई की मांग की, वहीं कुछ जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले को गंभीरता से लेने की अपील की। अभिनेता और सांसद रवि किशन ने भी बयान की निंदा करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में मां का स्थान सर्वोच्च होता है और इस तरह की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। विश्व हिंदू परिषद समेत अन्य संगठनों ने भी इसे भड़काऊ बताते हुए सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की। फिलहाल, मौलाना अब्दुल्ला सलीम को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *