लुधियाना 07 अगस्त 2024 : महाराज नगर के नजदीक मामूली बात को लेकर हुई बहसबाजी ने इतना भयानक रूप ले लिया कि युवकों ने मिलकर एक युवक की हत्या कर डाली। तेजधार हथियार मार उसे इतनी बुरी तरह घायल कर दिया कि इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक मोहित (19) है, जबकि उसका दूसरा घायल दोस्त दीपक है। दोनों ही मोहल्ला वल्मीकि घाटी चौक के रहने वाले हैं। इस मामले में थाना पी.ए.यू. की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दर्जन के करीब युवकों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है जिनमें से पुलिस ने 3 आरोपियों को काबू भी कर लिया है। मामले संबंधी जानकारी देते हुए थाना पी.ए.यू. के एस.एच.ओ. रजिंदरपाल सिंह ने बताया कि यह घटना रविवार देर रात की है।
मोहित व दीपक अपने अन्य दोस्तों के साथ घर वापस आ रहे थे। जब वे फिरोजपुर रोड स्थित महाराज नगर के नजदीक से होते हुए जा रहे थे तो उनकी कुछ युवकों के साथ किसी मामूली बात को लेकर तकरारबाजी हो गई थी। इस दौरान दोनों पक्षों में बहस झगड़े में तबदील हो गई थी। दूसरे पक्ष के युवक महाराज नगर के रहने वाले थे जोकि तेजधार हथियार लेकर आ गए और उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में मोहित और दीपक बुरी तरह घायल हो गए थे, जबकि बाकी युवक जान बचाते हुए मौके से भाग निकले थे।
हमले में घायल मोहित की हालत ज्यादा खराब हो गई थी, क्योंकि उसके सिर पर गहरा घाव हो गया था। सूचना के बाद पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने तुरंत लोगों की मदद उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, मगर उसकी हालत बहुत नाजुक थी, इसलिए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के साथ उसे पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया। जहां इलाज दौरान सोमवार रात मोहित की मौत हो गई।
एस.एच.ओ. रजिंदरपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में पहले एक दर्जन के करीब युवकों पर हत्या का प्रयास और मारपीट का केस दर्ज किया गया था। अब युवक की मौत के बाद हत्या की धारा जोड़ी गई है। इस मामले में पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी सूरज, सागर उर्फ सन्नी और अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। उधर, दूसरी तरफ मृतक युवक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है।
