• Fri. Dec 5th, 2025

विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, SHO का रिश्वतखोर सहयोगी रंगे हाथों पकड़ा गया

जालंधर/चंडीगढ़ 01 नवंबर 2025 भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अभियान में, पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने अमृतसर जिले के छेहर्टा निवासी ललित अरोड़ा नामक एक आम आदमी को छेहर्टा थाने के एसएचओ (स्टेशन हाउस ऑफिसर) की ओर से 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। विजिलेंस ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने बताया कि छेहरटा निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद यह गिरफ्तारी की गई है। शिकायत में बताया गया था कि एस.एच.ओ. और उनकी टीम उसके घर आए थे जिन्होंने उस पर और उसके चचेरे भाई पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया था। पुलिस ने कथित तौर पर दोनों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की चेतावनी दी थी और शिकायतकर्ता की एक कार जब्त करने का दावा किया था, जिसमें कथित तौर पर मादक पदार्थ बरामद किए गए थे।

शिकायत के अनुसार, बाद में शिकायतकर्ता ने मामले को सुलझाने में मदद के लिए एस.एच.ओ. के एक परिचित ललित अरोड़ा से संपर्क किया। अरोड़ा ने कथित तौर पर एसएचओ की तरफ से ड्रग केस दर्ज न करने के लिए 25 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने तुरंत पूरी रकम देने में असमर्थता जताई और कहा कि वह केवल 5 लाख रुपये का इंतजाम कर सकता है, जिसे अरोड़ा पहली किश्त के रूप में देने के लिए तैयार हो गए।

उपरोक्त आरोपों की पुष्टि के बाद, अमृतसर रेंज की एक विजिलेंस ब्यूरो टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए उक्त अरोड़ा को रंगे हाथों पकड़ लिया। प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत विजिलेंस ब्यूरो पुलिस थाना अमृतसर रेंज में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को आज शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा और इस मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *