30 जनवरी 2026 : अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय संरक्षक सदस्य प्रीतम बांसल के सानिध्य में शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर स्थानीय गांधी चौक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. महाश्य रुल्दु राम के सुपुत्र तरसेम गर्ग मुख्यातिथि थे। उन्होंने सर्वप्रथम चौक में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन कर उनके जीवन पर प्रकाश डाला। सभा में एआईएकेपीसी के राज्य प्रतिनिधि परमजीत कोचर ने बोलते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ऐसी महान शख्सियत थे जिनकी कई अन्य देशों में प्रतिमाएं स्थापित हैं। उन द्वारा गुलाम भारत को आजाद करवाने के लिए जीवन भर किए गए संघर्ष को कभी भुलाया नहीं जा सकता। स्कूली पाठ्यक्रम से लेकर उच्च शिक्षा प्रदान करने वाले विश्व विख्यात शिक्षण संस्थानों में उनकी जीवनी को शामिल किया गया है। राष्ट्रपति भवन से लेकर न्यायपालिका एवं सरकारी कार्यालयों में भी उनके चित्र स्थापित हैं। इसलिए प्रत्येक भारतीय नागरिक को ऐसी महान शख्सियत पर सदैव गर्व रहेगा।
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ही एक ऐसे भारतीय नेता हुए हैं जिन्हें भारतीय वैश्य समाज द्वारा ‘वैश्य शिरोमणि’ के नाम से पुकारा जाता है। भारतीय करंसी पर महात्मा गांधी का प्रकाशित चित्र भारतीयों के लिए गौरवमयी है। गांधी जी एक ऐसी विचारधारा के व्यक्ति थे जिन्होंने चंपारण के नील किसानों के पक्ष में खड़े होकर अन्याय के खिलाफ सत्याग्रह किया। चंपारण में अग्रेंजी शासन के संरक्षण में चल रही तीन कठिया प्रथा के अंतर्गत किसानों को अपनी जमीन का एक हिस्सा जबरन नील की खेती के लिए देना पड़ता था। इस प्रकार किसानों की खाद्य सुरक्षा छीनी जा रही थी और वह कर्ज, भूख एवं अपमान के चक्कर में फंसते जा रहे थे। किसान अपनी आवाज खो चुके थे। गांधी जी का सहयोग उनके लिए संजीवनी साबित हुआ। प्रत्येक भारतीय नागरिक को ऐसे महान व्यक्तियों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए, यही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सभा में अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के शाखा सचिव मदन गर्ग महेंद्रा, सदस्यों में ओमप्रकाश सिंगला, शंकर बांसल, प्रवीण गर्ग, सुरेंद्र जैन टिंकु, प्रिंस गुप्ता किलियांवाली, श्री अग्रवाल महासभा के महामंत्री सोम गर्ग धुनिका, श्री ब्राह्मण सभा के सचिव मोहन लाल कौशिक, रि. कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुखवंत सिंह चीमा, दूरभाष विभाग से रि. एसडीओ राकेश बांसल, डबवाली कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन गर्ग, श्री पीरखाना प्रबंधक कमेटी के सचिव सुरेश जिंदल पटवारी, समाजसेवी नवल बेरी, शशि कामरा, रि. बैंक अधिकारी प्रेम नाथ चुघ, अमित राज मेहता, डा. प्रेम गोयल, प्रमुख समाजसेवी यश गर्ग, युवा रक्तदान सोसायटी के अध्यक्ष सर्वप्रीत सेठी, सहित सभी प्रतिनिधियों ने प्रार्थना सभा के उपरांत गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
भारतीय करंसी पर महात्मा गांधी का प्रकाशित चित्र भारतीयों के लिए गौरवमयी: सिंगला
