08 अक्टूबर 2025 : मुंबई पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन ठगी मामले में पश्चिम बंगाल स्थित एस्सेंट आईटी सर्विस लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। इसकी कंपनी का बैंक खाता 75 ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में अपराध की रकम को घुमाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। सोमवार को गिरफ्तार हुआ भाविक मोहन पेथाना, गोरेगांव के सिद्धार्थ नगर का रहने वाला है।
दरअसल, साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर 4.12 करोड़ रुपये ठगे थे। पुलिस को जांच में पता चला कि ठगी की रकम कई बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। एक बैंक खाता एस्सेंट आईटी सर्विस लिमिटेड के नाम पर था, जिसमें 75-75 लाख रुपये के दो बड़े लेन-देन हुए थे। जांच में यह भी सामने आया कि यह बैंक खाता पहले भी 74 अन्य साइबर अपराध के मामलों में पैसा लेने के लिए इस्तेमाल किया जा चुका था। मामले में 16 सितंबर को रियाज थांगे (22) नाम के एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया जा चुका था।
मुंबई में तेज रफ्तार कार समुद्र में गिरी, शराब के नशे में था ड्राइवर
मुंबई की कोस्टल रोड पर सोमवार रात एक बड़ा हादसा हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार रेलिंग तोड़कर अरब सागर में जा गिरी। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ, जब कार महालक्ष्मी से वर्ली की ओर जा रही थी।कार में अकेले मौजूद ड्राइवर की पहचान 29 वर्षीय फ्राशोगार दरायूष बट्टीवाला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बट्टीवाला शराब के नशे में था और तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। कार अनियंत्रित होकर लगभग 30 फीट की ऊंचाई से समुद्र में जा गिरी।
घटना के समय महाराष्ट्र सुरक्षा बल (एमएसएफ) के जवान पांडुरंग काळे और विकास राठौड़, और एक बायकुला थाने के कांस्टेबल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जान जोखिम में डालकर पानी में छलांग लगा दी और बट्टीवाला को रस्सी की मदद से बाहर निकाला। उसे मामूली चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बट्टीवाला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
चलती ट्रेन से युवक को धक्का देकर हत्या, आरोपी यात्री गिरफ्तार
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के करजत रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पुणे निवासी विनोद कांबले को चलती ट्रेन से एक सहयात्री ने धक्का दे दिया। यह घटना सुबह करीब 4:23 बजे कोणार्क एक्सप्रेस की जनरल बोगी में हुई। ट्रेन में भीड़ होने के कारण विनोद कांबले और उसका दोस्त गणेश देवकर दरवाजे के पास बैठे थे। तभी अकोला निवासी 40 वर्षीय मंगेश रामदास दसोरे ने उन्हें वहां से हटने को कहा। मना करने पर दसोरे ने कथित रूप से कांबले को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया।
विनोद ट्रेन से नीचे गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। करजत GRP ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रेन में तैनात RPF टीम ने आरोपी दसोरे को गिरफ्तार कर लिया और ठाणे स्टेशन पर GRP के हवाले कर दिया। करजत GRP इस मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है।
नौकरी के लिए ओमान गए 36 श्रमिकों का शोषण, केंद्र के प्रयासों से भारत लौटे
एजेंट के जरिये ओमान में नौकरी के लिए गए 36 श्रमिकों के शोषण की जानकारी के बाद केंद्र सरकार के प्रयासों से सुरक्षित वापस भारत लाया गया है। श्रमिकों की वापसी में भारतीय दूतावास के अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी अहम रोल निभाया।
मुंबई उत्तर से भाजपा सांसद गोयल ने मंगलवार को कहा, 36 भारतीयों की सुरक्षित वापसी मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का उदाहरण है। नागरिकों से अपील की है कि विदेश में नौकरी पर जाने से पहले एजेंटों और नियोक्ताओं की पूरी जांच करें। यह मामला तब सामने आया, जब मुंबई उत्तर के वार्ड 24 के भाजपा अध्यक्ष गोविंद प्रसाद ने केंद्रीय मंत्री गोयल को जानकारी दी कि ओमान में 18 भारतीय मजदूरों के साथ शोषण हो रहा है, जिसमें उसका एक रिश्तेदार भी है। इसके बाद गोयल ने ओमान में भारतीय दूतावास के अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। दूतावास ने स्थानीय प्रशासन की मदद से न केवल इन 18 मजदूरों को ढूंढ निकाला, बल्कि 18 अन्य भारतीय भी मिले, जो ओमान में फंसे हुए थे।
