लुधियाना 02 अप्रैल 2026 : महानगर में शातिर चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस का रत्ती भर भी खौफ नहीं रहा। ताजा मामला मुंडियां पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित न्यू सुंदर नगर की गली नंबर-5 का है, जहां चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात पुलिस चौकी के बिल्कुल नाक के नीचे हुई, लेकिन खाकी को इसकी भनक तक नहीं लगी। हद तो तब हो गई जब वारदात की सूचना देने के करीब 3 घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, न्यू सुंदर नगर निवासी पवन नायर की सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उनके परिजन उन्हें रात करीब 9 बजे इलाज के लिए सीएमसी अस्पताल ले गए। घर पर कोई नहीं था और इसी बात का फायदा उठाते हुए देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच दो नकाबपोश चोर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से घर के ताले तोड़े और अलमारियों के लॉकर खंगाल डाले।
वारदात का पता मंगलवार सुबह करीब 5 बजे चला जब पवन की पत्नी ज्योति नायर अस्पताल से वापस घर लौटीं। उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों से करीब 1.5 लाख रुपए की नकदी, 6 तोले सोने के आभूषण और 500 ग्राम चांदी गायब थी। ज्योति नायर के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचित किया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर पुलिस चौकी के इतनी करीब सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर के बाकी हिस्सों का क्या हाल होगा। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि नकाबपोश चोरों की पहचान की जा सके।
