• Tue. Apr 7th, 2026

लुधियाना में LPG का ‘लंगर’, मुफ्त सिलेंडर बांटे गए – जानें पूरी खबर

लुधियाना 07 अप्रैल 2026 : देशभर में जहां एल.पी.जी. सिलेंडरों के लिए लोगों को काफी भाग-दौड़ करनी पड़ रही है, वहीं पंजाब के एक समाजसेवी ने नेक पहल करते हुए एक बड़ी मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने पुत्र के जन्मदिन के मौके पर एल.पी.जी. सिलेंडरों का लंगर लगा दिया। दरअसल, लुधियाना के समाजसेवी राकेश जैन और रमा जैन ने अपने पुत्र दिव्यांश जैन के जन्मदिन के मौके पर एल.पी.जी. सिलेंडरों का लंगर लगाया। उन्होंने 11 जरूरतमंद परिवारों को 5-5 किलो वाले एल.पी.जी. सिलेंडर वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने अगले अभियान में 50 परिवारों को सिलेंडर बांटने की इच्छा भी जताई।

पंजाब छोड़ने की तैयारी में थे परिवार
मिडिया से विशेष बातचीत में राकेश जैन ने बताया कि आज हजारों लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी वे कुछ परिवारों को राशन वितरित करते रहे हैं। इस बार जब उन्होंने इन परिवारों से संपर्क किया तो पता चला कि उन्हें सिलेंडर न मिलने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे थे, वहीं कुछ मौकेपरस्त लोग लकड़ी और ईंधन भी महंगे दामों पर बेच रहे थे।

इस कारण ये परिवार पंजाब छोड़कर अपने गांव जाने की तैयारी कर रहे थे। फिर राकेश जैन ने इनकी मदद करने का निर्णय लिया और अपने पुत्र के जन्मदिन के मौके पर 11 ऐसे परिवारों को गैस सिलेंडर वितरित किए। उन्होंने बताया कि एजेंसी ने कहा है कि इन सिलेंडरों को महीने में तीन बार भरा जा सकता है। उन्होंने दानी सज्जनों से अपील की कि वे कठिन घड़ी में लोगों की मदद के लिए आगे आएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *