• Tue. Mar 3rd, 2026

पुणे कॉन्सर्ट से पहले करण औजला घिरे विवादों में, अधिकारियों ने पुलिस को दिए सख्त आदेश

पंजाब 03 मार्च 2026 मशहूर पंजाबी गायक Karan Aujla के कॉन्सर्ट से पहले विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली में सफल शो के बाद पंजाबी गायक Karan Aujla अपने  P-Pop Culture India Tour 2026 के तहत आज पुणे के महालक्ष्मी लॉन्स, खराड़ी में प्रस्तुति देने वाले हैं। हालांकि कॉन्सर्ट से ठीक पहले एक नया विवाद सामने आ गया है।

जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ के एक प्रोफेसर द्वारा आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। शिकायत में कथित तौर पर कुछ गानों पर सवाल उठाए गए हैं। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी रोहिणी उबाले ने पूणे के पुलिस थाने को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। जारी आदेशों में कहा गया है कि इस प्रकार के गानों का नाबालिगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था और सामग्री की निगरानी सुनिश्चित की जाए। पुलिस को स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर उचित कदम उठाने को कहा गया है। फिलहाल आयोजकों की ओर से इस विवाद पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जबकि कॉन्सर्ट की तैयारियां जारी हैं।

पंजाबी गायक Karan Aujla के प्रस्तावित कॉन्सर्ट से पहले विवाद और गहरा गया है। डॉ. धरनेवर ने 25 फरवरी 2026 को डीसीपीओ पुणे को एक पत्र भेजकर गायक के कुछ गीतों पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। शिकायत में ‘अढ़िया’, ‘सफेद कुर्ता’, ‘अल्कोहल 2’, ‘फ्यू डेज’, ‘बंदूक’, ‘गैंगस्टर’ और ‘MF गबरू’ जैसे गानों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि इनकी सामग्री कथित तौर पर शराब, नशीले पदार्थों और हथियार संस्कृति को बढ़ावा देती है। साथ ही, कुछ गीतों में महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक प्रस्तुति का भी आरोप लगाया गया है। डॉ. धरनेवर ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि यदि कार्यक्रम में 3 वर्ष से अधिक आयु के नाबालिग बच्चों को प्रवेश दिया जाता है, तो ऐसे गाने उनके मानसिक और सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। उन्होंने ‘MF गबरू’ गीत के संबंध में पंजाब स्टेट कमीशन फॉर वुमन में लंबित शिकायत का भी उल्लेख किया है।

इसके अतिरिक्त, शिकायत में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के फैसले (CWP-27011/2016) का हवाला देते हुए कहा गया है कि न्यायालय ने शराब, ड्रग्स, हिंसा और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गीतों पर रोक संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए थे। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से कार्यक्रम के दौरान इन पहलुओं पर विशेष ध्यान देने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। बता दें कि,  Aujla के ‘पी पॉप कल्चर इंडिया टूर’ के तहत आयोजित दिल्ली कॉन्सर्ट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ प्रशंसक आपस में भिड़ गए। वीवीआईपी लाउंज क्षेत्र में शुरू हुई बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि लात-घूंसे चलने लगे और कुछ लोगों के कपड़े भी फट गए। अचानक हुई इस मारपीट से वहां मौजूद कई लड़कियां और महिलाएं घबरा गईं और कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गईं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें वीवीआईपी सेक्शन में हुई झड़प को दिखाया गया है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर मंच से करण औजला की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई। आयोजकों ने भी कार्यक्रम को बिना रोके जारी रखा। हंगामे के बावजूद स्टेडियम में बड़ी संख्या में मौजूद फैंस ने कॉन्सर्ट का आनंद लिया और शो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलता रहा।

आपको ये भी बता दें कि, Karan Aujla के पी पॉप कल्चर इंडिया टूर के तहत 28 फरवरी को नई दिल्ली,  3 मार्च को मुंबई (होली स्पेशल), 3 मार्च को पुणे (होली स्पेशल), 7 मार्च  को अहमदाबाद, 14 मार्च चंडीगढ़, 21 मार्च इंदौरा, 29 मार्च बेंगलुरू, 3 अप्रैल कोलकाता, 5 अप्रैल जयपुर और 10 अप्रैल लखनऊ और 12 अप्रैल को लुधियाना में कॉन्सर्ट है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *