दिल्ली 02 मार्च 2026 : महरौली से गुरुग्राम जाने वाले मार्ग पर छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास सीडीआर चौक जाम की चपेट में रहता है। दिल्ली से गुरुग्राम जाना हो या गुरुग्राम से दिल्ली आना, वाहन चालकों को समय बर्बाद होता है।
महरौली से जाने वाले मार्ग पर सीडीआर चौक से बायीं तरफ मेन छतरपुर रोड है। यहां तिराहे पर आधी रोड तक ई-रिक्शों का जमावड़ा रहता है, जिससे चलने के लिए सड़क ही नहीं बचती।
वहीं गुरुग्राम से आने वाले वाहन चालक जिन्हें मेन छतरपुर रोड की तरफ मुड़ना होता है, वो भी बिना सिग्नल रोड क्राॅस करने लगते हैं। ट्रैफिक पुलिस व सिग्नल लाइट सही न होने के साथ ही ई-रिक्शों के अतिक्रमण के चलते दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। सप्ताहांत में स्थिति ज्यादा खराब हो जाती है। तब जाम का असर देर रात तक देखने का मिलता है।
दिल्ली से गुरुग्राम जाने के लिए मुख्य मार्ग है महरौली-गुरुग्राम रोड। कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन तक रोड चौड़ा है। अंधेरिया मोड के पास चौड़ाई में थोड़ा इजाफा है। सीडीआर चौक से 100 मीटर पहले वसंतकुंज मार्ग भी इसी रोड पर आकर मिलता है। यानी दो तरफ का ट्रैफिक सीडीआर चौक से आगे बढ़ता है।
अंधेरिया मोड़ के मुकाबले यहां सड़क की चौड़ाई कम है। बायीं तरफ मेन छतरपुर जाने का मार्ग है। इसी तिराहे पर ई-रिक्शा से लेकर आटो आदि का कब्जा रहता है। जाम अधिक लगने की स्थिति में ट्रैफिक पुलिस सक्रिय होती है।
अतिक्रमण हटवाने के साथ ही तिराहे पर ट्रैफिक संचालन ठीक कराया जाता है। पर बाकी समय इस रोड पर वाहन चालक भगवान भरोसे ही होते हैं। सीडीआर चौक से आगे गुरुग्राम तक जाने में जितना समय लगता है, उससे अधिक समय अंधेरिया मोड़ से सीडीआर चौक की लगभग 300 मीटर दूरी तय करने में लग जाता है।
पुष्प विहार में 28 फरवरी को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के प्रवास के दौरान दक्षिणी दिल्ली सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने इस मुद्दे को उठाया। साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के लिए सीडीआर चौक से गुरुग्राम तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य जल्द शुरू कराने की जानकारी दी।
महरौली-गुरुग्राम रोड अब एनएचएआई के पास है, जो जल्द ही चौड़ीकरण का काम शुरू कराएगा। सीडीआर चौक पर खड़े रहने वाले वाहनों की जांच करने के साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। अगले सप्ताह जिला स्तरीय पुलिस कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। चेयरमैन होने के नाते सभी बिंदुओं को रखते हुए समाधान की दिशा में ट्रैफिक पुलिस को निर्देशित किया जाएगा।
