मोगा 01 अप्रैल 2026 : चाहे आज 1 अप्रैल से सरकारी तौर पर गेहूं की खरीद शुरू हो रही है परन्तु इससे ऐन पहले दोपहर बाद अचानक बिगड़े मौसम के मिजाज के कारण देखते ही देखते आसमान पर अचानक छाई काली घटाओं के बाद पड़ी हल्की बरसात तथा ओलावृष्टि ने किसानों के होश उड़ा दिए हैं। इसके साथ ही तेज हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर गेहूं की पक्की फसल भी धरती पर बिछ गई है जिस कारण गेहूं का झाड़ घटने का सबब बन गया है।
गांव डाला में सनबीम पैलेस के कारोबारी नवदीप सिंह निप्पी ने संपर्क करने पर पुष्टि की है कि गांव डाला, धूड़कोट कलां, बुट्टर कलां आदि ने इलाकों में बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि भी हुई है। उन्होंने कहा कि पक्की गेहूं की फसल बिछ गई है। मोगा शहर के संधुआवाला रोड पर किसानी धंधे से जुड़े अमृतपाल सिंह गिल का बताना था कि पहले ही मार्च महीने के शुरू में इस बार मौसम ज्यादा गर्म होने के कारण किसान को गेहूं के झाड़ की चिंता थी परन्तु पक्की फसलों पर पड़ रही बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा गई है।
उन्होंने कहा कि इस बार बारिश पड़ने से गेहूं का दाना बदरंग होने का खतरा है। दाना मंडी मोगा के आढ़ती सरपंच जगदीप बराड़ कहते थे कि चाहे गेहूं की कटाई का काम अभी 10 अप्रैल के बाद ही जोर पकड़ेगा परन्तु हर वर्ष कुदरती करोपी के कारण किसानों को नुकसान झेलना पड़ता है।
