• Tue. Feb 10th, 2026

टोल प्लाजा पर अवैध वसूली की जांच शुरू, कर्मचारियों से भी हो रही पूछताछ

लुधियाना 10 फरवरी 2026 क्राइम ब्रांच की पुलिस टीम द्वारा नैशनल हाईवे पर स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा पर वाहन चालकों से अवैध वसूली करने वाले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना लाडोवाल में 15-20 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस की कई टीमों द्वारा उक्त मामले की जांच तेज करते हुए टोल प्लाजा के कई कर्मचारी से भी पूछताछ करनी शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम द्वारा टोल प्लाजा पर लगे हुए सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज भी चैक की जा रही है और कैमरों का पिछला रिकॉर्ड खंगालकर टोल कर्मचारियों को धमका कर बिना टोल दिए वाहन निकालने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है।

बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा टोल प्लाजा के कई संदिग्ध कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी चैक किए जा रहे हैं ताकि टोल प्लाजा पर काम करने वाले किसी कर्मचारी की इस अवैध वसूली में किसी तरह की कोई शमूलियत तो नहीं है। जल्द ही पुलिस द्वारा अवैध वसूली करने वाले गिरोह की पहचान करके आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता है।

कमर्शियल वाहनों और टिप्पर चालकों से की जाती थी अवैध वसूली

गौरतलब है कि क्राइम ब्रांच-2 की पुलिस ने टोल प्लाजा से निकलने वाले कमर्शियल वाहनों और टिप्पर चालकों से अवैध तरीके से वसूली करने वाले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। सूत्रों के मुताबिक कि टोल प्लाजा पर 2 लोगों के नाम टिप्परों से अवैध वसूली करने से जुड़े हुए हैं जो पिछले कई महीनों से इस गोरखधंधे को अपने साथियों के साथ मिलकर चला रहे थे और टोल प्लाजा पर प्रतिदिन लाखों रुपए की हेराफेरी करके टोल कंपनी को भारी नुकसान पहुंचा रहे थे। अब जैसे ही पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, उसके बाद कई व्यक्ति टोल प्लाजा से गायब हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *