12 जनवरी 2026 : मनोरंजन जगत में दुखद खबर सामने आई है। इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और मशहूर गायक प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की उम्र में दिल्ली में हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। उनका अचानक चले जाना संगीत जगत, फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस के लिए एक बड़ा झटका है।
इंडियन आइडल से पहचान और व्यक्तिगत जीवन
प्रशांत तमांग ने साल 2007 में इंडियन आइडल सीजन 3 जीतकर पूरे देश में अपनी पहचान बनाई थी। दार्जिलिंग के मूल निवासी प्रशांत को लोग प्यार से “पहाड़ का गौरव” कहते थे। इंडियन आइडल में भाग लेने से पहले वह कोलकाता पुलिस में तैनात थे और पुलिस ऑर्केस्ट्रा का हिस्सा रह चुके थे। प्रशांत ने साल 2011 में गीता थापा से शादी की थी। हाल के वर्षों में वह अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रह रहे थे।
यह भी पढ़ें : UP BJP को बड़ी क्षति! पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक का निधन…’यूपी रत्न’ से भी नवाजे जा चुके थे
सिंगर के साथ एक्टर भी रहे प्रशांत, सलमान खान के साथ किया काम
शो जीतने के बाद प्रशांत ने सोनी बीएमजी के साथ अपना म्यूजिक एल्बम रिलीज किया, जिसमें हिंदी और नेपाली गाने शामिल थे। प्रशांत तमांग केवल बेहतरीन गायक ही नहीं थे, बल्कि एक शानदार अभिनेता भी थे। उन्होंने नेपाली फिल्म ‘गोरखा पलटन’ में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। इसके बाद उन्होंने कई नेपाली फिल्मों में प्लेबैक सिंगर और अभिनेता के रूप में भी काम किया। हाल ही में वह अमेजन प्राइम की वेब सीरीज ‘पाताल लोक 2’ में विलेन डेनियल लेचो के किरदार में नजर आए थे, जहां उनके अभिनय की भी खूब सराहना हुई। इसके अलावा, प्रशांत सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में भी आने वाले थे, जिसे लेकर उनके फैंस में काफी उत्सुकता थी।
शोक व्यक्त कर रहे फैंस और इंडस्ट्री
फिल्ममेकर राजेश घाटानी ने उनके निधन की पुष्टि की है। वहीं, दार्जिलिंग के मशहूर गायक महेश सेवा ने सोशल मीडिया पर प्रशांत को श्रद्धांजलि देते हुए भावुक पोस्ट शेयर किया। प्रशांत का यह अचानक जाना इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके चाहने वाले सोशल मीडिया पर उन्हें याद कर नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
