पंजाब 28 फरवरी 2026 : ट्रेनों की लगातार देरी से परेशान यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। एक ओर जहां कई प्रमुख ट्रेनें 3 से 10 घंटे तक लेट चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर होली के मद्देनजर अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए भारतीय रेल ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। इसी बीच होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा अमृतसर से बिहार के विभिन्न गंतव्यों के लिए आरक्षित स्पैशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। जालंधर से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी इन स्पेशल ट्रेनों का लाभ मिलेगा।
ट्रेन संख्या 04610 होली स्पैशल 28 फरवरी को अमृतसर से मानसी (बिहार) के लिए रात्रि 8.10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन रास्ते में ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। 04614 स्पैशल 1 मार्च को अमृतसर से कटिहार (बिहार) के लिए दोपहर 2.15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन ब्यास और जालंधर सिटी स्टेशनों पर ठहरेगी, जिससे दोआबा क्षेत्र के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
अमृतसर और कटिहार के बीच दिनांक 28 फरवरी को ट्रेन संख्या 04622 आरक्षित स्पेशल एक्सप्रैस (एक ट्रिप) चलाई जाएगी। यह ट्रेन अमृतसर से रात्रि 8.40 बजे प्रस्थान करेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04621 दो मार्च को कटिहार से दोपहर 2.30 बजे रवाना होगी और लगभग 38 घंटे की यात्रा के उपरांत सुबह 5 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
