12 जनवरी 2026 : पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं ने उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में ठंड को और तेज कर दिया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान तेजी से गिरा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण शीतलहर और घने कोहरे का असर बना रहेगा।
IMD के ताज़ा बुलेटिन के मुताबिक 12 जनवरी को राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में गंभीर शीतलहर चलने की संभावना है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि ठंड और कोहरे की वजह से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
दिल्ली में 13 साल का रिकॉर्ड टूटा
दिल्ली में इस सर्दी की पहली शीतलहर दर्ज की गई है। राजधानी के कई इलाकों में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पालम मौसम केंद्र पर पिछले 13 वर्षों में सबसे कम 3.0 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम है। IMD ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे की मार
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में घने कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम हो गई है। मौसम विभाग ने चेताया है कि इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है, साथ ही बिजली आपूर्ति में भी दिक्कतें आ सकती हैं। बिहार के पटना, गया और भागलपुर जैसे इलाकों में दिनभर धूप नहीं निकल पा रही है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर सहित कई शहरों में भी ठंड और गलन लोगों को परेशान कर रही है।
उत्तर प्रदेश में सोमवार से फिर से सर्द पछुआ हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान और गिर सकता है। पश्चिमी यूपी के गाजियाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और संभल जिलों में शीतलहर की आशंका जताई गई है। अगले तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। करीब 23 जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी हो जाएगा, जिससे ठंड और बढ़ेगी। दिन में धूप से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन रात में कड़ाके की ठंड बनी रहेगी। तराई क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है।
पंजाब और हरियाणा में पारा जमाव के करीब
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब का बठिंडा सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार में पारा 2.2 डिग्री तक गिर गया। फरीदकोट में भी न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भीषण ठंड बने रहने के आसार हैं।
पहाड़ी राज्यों में शून्य से नीचे तापमान
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। बर्फीली हवाओं और बर्फबारी के कारण इन राज्यों में ठंड और ज्यादा बढ़ गई है।
दक्षिण भारत में अलग मिज़ाज का मौसम
जहां उत्तर भारत ठिठुर रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों—तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक—में बादल छाए रहने की संभावना है। वहां मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है।
ला नीना का असर जारी
स्काईमेट वेदर के अनुसार, भारत में ठंड को प्रभावित करने वाली ‘ला नीना’ स्थितियां 2026 के वसंत की शुरुआत तक धीरे-धीरे कमजोर हो सकती हैं। तब तक सर्दी के मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करते वक्त सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
