• Fri. Dec 5th, 2025

पानी नहीं दे सकते तो कुएं खुदवा दो – ग्रीनवुड सिटीवासियों का फूटा दर्द

गुड़गांव, 11 जून 2025 : नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ गुस्सा जाहिर करते यह लोग कोई और नहीं बल्कि ग्रीनवुड  सिटी के निवासी हैं। पिछले चार दिनों से बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे इन लोगों की दरकार को निगम अधिकारी सुनने के बाद भी अनसुना कर रहें हैं। लोगों की माने तो निगम अधिकारियों को केवल टैक्स वसूली का ही काम है, जनता को हाे रही समस्याओं की तरफ किसी का ध्यान नहीं है। यही कारण है कि आज लोगों को पीने के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है। ग्रीनवुड सिटी के निवासियों मीनू, मनीषा, सीमा, बलजीत सिंह ने कहा कि लोगों की मेहनत की गाढ़ी कमाई का एक मोटा हिस्सा पानी के टैंकर खरीदने में खर्च हो रहे हैं। हैरत की बात यह है  कि क्षेत्र में पानी आपूर्ति की मोटर को खराब हुए चार हो गए हैं लेकिन निगम अधिकारियों ने इसे ठीक कराने की जरूरत तक नहीं समझी। अब मजबूरी में लोगों को अपने खर्च पर मोटर ठीक  करा रहे हैं। 

लोगों ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि नगर निगम अधिकारी लोगाें को पीने के लिए पानी तो उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं लेकिन क्षेत्र में अगर कुएं खुदवा दें तो महिलाए वहां से पीने का पानी मटके भरकर तो ले आएंगी। क्षेत्र के हालात ये यह कि निगम को टैक्स देने के साथ ही उन्हें पानी खरीदने के लिए 1000 से 1500 रुपये टैंकर टैक्स के रूप में देने पड़ रहे हैं। लोगों की माने तो नगर निगम अधिकारी पीने के पानी के अलावा क्षेत्र में अन्य सुविधाएं भी नहीं दे रही है। चार दिन से तो लोग पानी के लिए तरस ही रहे हैं वहीं निगम कर्मचारियों ने बूस्टिंग स्टेशन की बाउंड्री को ताेड़ दिया है  जिसके बाद में यहां कैब चालकों का कब्जा हो गया है। क्षेत्र की सड़के भी टूटी हुई हैं मेन गेट पर जलभराव हो जाता है जिसकी तरफ अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है।

लोगों की माने तो आज निगम अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा 500 परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। इस भीषण गर्मी में जहां प्रशासन लोगों को पीने के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने का दावा करता है वहीं बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे लोग प्रशासन के इस दावे की पोल खोल रहे हैं। लोगों का कहना है कि एक तरफ जहां नगर निगम लोगों को सुविधाएं नहीं दे पा रहा वहीं उनसे पानी तक छीन लिया है। यही कारण है  कि आज उन्हें अधिकारियों के  खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ा। 

लोगों ने साफ कर दिया है कि अगर निगम अधिकारियों ने उनकी जल्दी सुनवाई नहीं की तो वह रोड जाम करने व अधिकारियों का घेराव करने से पीछे नहीं हटेंगे। अब देखना यह होगा कि निगम अधिकारी ग्रीनवुड सिटी निवासियों को पेयजल उपलब्ध करा पाते हैं औन उनकी समस्याओं का समाधान करा पाते हैं या लोगाें को अपना हक पाने के लिए सड़कों पर ही उतरने पर विवश होना पड़ेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *