मेरठ 19 मार्च 2026 : प्रदेश सरकार के नौ साल का उत्सव भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों और समारोह के दौरान मनाया गया। कार्यक्रम में जहां विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। वहीं प्रदर्शनी में स्टालों पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री के लखनऊ में हुए संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश सरकार की 9 साल की यात्रा में उत्तर प्रदेश उत्सव प्रदेश बन गया है। मेरठ का भी कायाकल्प हो गया है। औद्योगिक विकास के साथ साथ यह दिल्ली और अन्य बड़े शहरों से जुड़ गया है। अब मेरठ से दिल्ली दूर नहीं रह गई है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में बुधवार को भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘उत्तर प्रदेश नवनिर्माण के 9 वर्षः संकल्प से सिद्धि, सुरक्षा-सुशासन-समृद्धि तक’ रही। लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का इस दौरान सजीव प्रसारण किया गया।
विभिन्न स्कूल कालेजों के छात्र छात्राओं द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुत्ति दी गई। बच्चों के प्रदर्शन के दौरान सभागार तालियों से गूंजता रहा। 9 वर्षों की विकासगाथा पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म तथा ‘उत्तर प्रदेश-उत्सव प्रदेश’ की थीम पर बनी लघु फिल्म ‘समृद्धि के प्रवेश द्वार’ का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कुमारी राजबाला, संतोष कुमारी, नीता को प्रमाणपत्र, निर्माण कामगार मृत्यु दिव्यांगता सहायता योजनान्तर्गत हसीना, समता को सहायता राशि, विद्युत चलित चाक निश्शुल्क वितरण योजनान्तर्गत ज्योति, संदीप को लाभान्वित किया गया।
उडद/मूंग मिनी किट वितरण का सुनील कुमार, धर्मवीर सिंह को, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत कामिनी, सुनीता को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना में मुन्नी, अनीता तथा पूनम सागर, सविता को आवंटन पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि सरकार के नौ साल में प्रदेश का ढांचागत विकास जमकर हुआ है। सभी जिला मुख्यालय फोर-लेन हाईवे से जोड़ दिए गए हैं। मेरठ समेत प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो रेल का संचालन किया जा रहा है।
कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल, मेरठ मेट्रो, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के माध्यम से दिल्ली तक की दूरी को समाप्त कर दिया गया है। जल्द गंगा एक्सप्रेसवे और खेल विश्वविद्यालय भी धरातल पर होंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। डीएम डा. वी के सिंह ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ साथ मेरठ भी विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में सिवालखास विधायक गुलाम मौहम्मद, सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डा. अशोक कटारिया, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, बीएसए आशा चौधरी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी, जिला पिछडा वर्ग कल्याण अधिकारी, उपायुक्त उद्योग समेत सभी विभागों के अधिकारी और सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
