चंडीगढ़, 6 फरवरी 2026 : सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए होंडा इंडिया फाउंडेशन (HIF) ने मंगलवार को उदयपुर पुलिस को 25 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) मोटरसाइकिलें सौंपीं। यह पहल फाउंडेशन के प्रमुख सड़क सुरक्षा कार्यक्रम ‘सड़क सहायक: सुरक्षित मार्ग, सुरक्षित जीवन’ के तहत की गई। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने इन मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह पहल राज्यपाल के तेज़ आपातकालीन प्रतिक्रिया और सुरक्षित सड़कों के विज़न के अनुरूप है। विशेष रूप से कस्टमाइज़ की गई होंडा शाइन 100 मोटरसाइकिलें ट्रैफिक प्रबंधन, आपातकालीन सहायता और जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को सशक्त बनाएंगी, खासकर भीड़भाड़ और संवेदनशील क्षेत्रों में। यह परियोजना चंडीगढ़ और अन्य क्षेत्रों में पहले सफलतापूर्वक लागू किए गए इसी तरह के मॉडल पर आधारित है।
यह पहल होंडा के उस वैश्विक संकल्प को भी दर्शाती है, जिसके तहत वर्ष 2050 तक टकराव-मुक्त समाज (Collision-Free Society) का लक्ष्य रखा गया है। बीते एक वर्ष में होंडा इंडिया फाउंडेशन गुजरात, चंडीगढ़, राजस्थान और कर्नाटक के पुलिस विभागों को कुल 250 क्यूआरटी मोटरसाइकिलें उपलब्ध करा चुका है।
इस जन-निजी भागीदारी आधारित सड़क सुरक्षा परियोजना की परिकल्पना और क्रियान्वयन में सामाजिक कार्यकर्ता करण गिलहोत्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मोटरसाइकिल सौंपने के इस कार्यक्रम में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के साथ-साथ नमित मेहता, जिला कलेक्टर उदयपुर; गौरव श्रीवास्तव, पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर; योगेश गोयल, पुलिस अधीक्षक उदयपुर; तथा राजीव तनेजा, ऑपरेटिंग ऑफिसर, होंडा इंडिया फाउंडेशन सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
घूमने वाली फ्लैश लाइट, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सायरन, टॉर्च, स्टोरेज बॉक्स और सुरक्षा हेलमेट से लैस ये क्यूआरटी मोटरसाइकिलें प्रतिक्रिया समय को कम करने, कानून प्रवर्तन की दक्षता बढ़ाने और बहुमूल्य जानें बचाने में सहायक सिद्ध होंगी।
