• Fri. Mar 6th, 2026

हादसों में बीती होली: सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की मौत, कई घायल

बलिया 06 मार्च 2026 उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दो थाना क्षेत्रों में अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के धर्मापुर गांव के पास बृहस्पतिवार शाम एक तिपहिया टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गया। इस हादसे में गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के महेंद्र गांव की अर्चना पांडेय (40) तथा उनकी दो बेटियां प्रीति और प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गईं। 

पुलिस उपाधीक्षक (सदर) राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान अर्चना पांडेय की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक अन्य घटना रसड़ा थाना क्षेत्र के गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार शाम हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, गौरपुरा गांव के दीपू गुप्ता (20) अपने साथी जीतेश शर्मा (17) के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। उसी दौरान गाजीपुर के जय प्रकाश सिंह (40) अपने सहयोगी बबलू कुमार (26) के साथ बाइक से रसड़ा की ओर जा रहे थे। 

मऊ-रसड़ा मार्ग पर दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई, जिससे चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जय प्रकाश सिंह और दीपू गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। बबलू कुमार और जीतेश शर्मा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रसड़ा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक आलोक गुप्ता ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *