पंजाब 19 मार्च 2026 : मशहूर पंजाबी गायक को जान मारने की धमकी मिलने की सनसनीखेज खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार पंजाबी गायक मनकीरत औलख को जान से मारने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है कि बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग तेजी से वायरल हुई है, जिसमें वह खुले तौर पर गायक मनकीरत औलख को निशाना बनाने की बात कह रहा है।
ऑडियो में गैंगस्टर यह दावा करता सुनाई दे रहा है कि चंडीगढ़ सेक्टर-9 में हुए कत्ल के बाद कुछ लोगों में खलबली मची हुई है और अब अगला निशाना मनकीरत औलख हो सकते हैं। गैंगस्टर यह भी कहता है कि सुरक्षा बढ़ाने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। गायक जितने चाहे मर्जी गनमैन रख लें। अब उसका ही नंबर है। गैंगस्टर ने ये भी कहा कि, वह मोहाली में बैठा रहता है और विदेश की स्टोरी डालता रहता है।
आपको बता दें कि, गत दिन बुधवार (18 मार्च) को चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में एक प्रॉपर्टी डीलर की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दौरान प्रॉपर्टी डीलर को 12 गोलियां मारी थी। इस वारदात की जिम्मेदारी लक्की पटियाल ने सोशल मीडिया के जरिए ली है। उसने आरोप लगाया कि मृतक उनके विरोधियों को जानकारी मुहैया करा रहा था और उसे पहले भी चेतावनी दी गई थी। फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और जांच जारी है। आपको ये भी बता दें कि इससे पहले भी 2 बार गायक मनकीरत औलख को जान से मारने की धमकी मिल चुकी है।
